ब्रेकिंग न्यूज़

बागबाहरा के महिला स्व सहायता समूह बना रही है माॅस्क,  बागबाहरा तहसील में बटेंगे 50 हजार निःशुल्क माॅस्क

 

महासमुंद 16 अप्रैल 2020/ छत्तीसगढ़ राज्य में कोरोना (कोविड-19) के संक्रमण को रोकने के लिए मास्क का प्रयोग  अनिवार्य किया गया है। कलेक्टर श्री सुनील कुमार जैन के मार्गदर्शन पर महिला स्व-सहायता समूह के सदस्यों को अधिक से अधिक रोजगार मिल सकें इसके लिए जिले में विभिन्न प्रकार के कार्य उपलब्ध कराएं गए हैं। इसी कड़ी में बागबाहरा तहसील के 52 ग्रामीण महिला स्व सहायता समूहों के द्वारा मास्क की आपूर्ति करने के लिए संकल्पित है। इस कार्य के लिए विकास आशा सेवा संस्थान बागबाहरा से भी सहयोग लिया जा रहा है। बागबाहरा के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) श्री भागवत प्रसाद जायसवाल ने बताया कि बागबाहरा में महिला स्व समूह के सदस्यों द्वारा 50 हजार मास्क बनाने का लक्ष्य रखा गया है। जिसे वृद्ध, अति कुपोषित गर्भवती माताओं, गंभीर रोग से पीड़ित व्यक्तियों, कमजोर स्वास्थ्य वाले व्यक्तियों, मनरेगा में कार्यरत मजदूरों, संग्राहको कामगार व्यक्तियों को यह मास्क निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए 52 महिला समूहों से इस कार्य के लिए सहयोग लिया जा रहा है। समूहों द्वारा डबल कोटेड, मल्टीपल उपयोग, सूती कपड़े से मास्क तैयार किया जा रहा हैं। मास्क के डिजाइन और उसके लेयर को स्थानीय चिकित्सकों व स्वास्थ्यकर्मियों के सलाह पर तैयार किया गया है तथा प्रयास किया गया है कि यह प्रयोगकर्ता के लिए सुविधा जनक हो और संक्रमण को रोकने में सक्षम हो, इस कार्य के लिए महिला स्व सहायता समूह को कच्चा माल कपड़ा, धागा अनुविभागीय कार्यालय राजस्व बागबाहरा की पहल पर प्रशासन व जन सहयोग से उपलब्ध कराया जा रहा है।

महिला समूहों एवं जनहित कार्यकर्ताओं के द्वारा सिलकर तैयार मास्क को लक्षित समूह तक  पंचायत व समितियों के माध्यम से निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। इस कार्य को तहसील, जनपद के एन.आर.एल.एम. शाखा, पंचायत, वन विभाग, स्थानीय कपड़ा व्यवसायी, टेलर्स व जनभागीदारी के सहयोग से संपादित किया जा रहा है। तहसील बागबाहरा में सभी लोगों को मास्क की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए महिला स्व सहायता समूह की कर्मठता काफी सराहनीय हैं। स्व सहायता समूह के सदस्य अपने-अपने घर में रहकर सोशियल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए सिलाई कर मास्क का निर्माण कर रही है। मुंह पर मास्क लगाने से कोरोना वायरस के संक्रमण को रोका जा सकता है। कोरोना संक्रमण सर्दी, खाँसी, जुकाम एवं अन्य माध्यमों से जनमानस तक फैल सकता है । इस कड़ी को रोकने के लिए मास्क लगाना सभी नागरिकों को जरूरी है। कोरोना संक्रमण रोकने के लिए तथा भविष्य में संभावित संक्रमण से बचाव के लिए लोगो के मास्क लगाने के व्यवहार में परिवर्तन लाने के लिए तथा उनमें कोरोना बीमारी के सम्बंध में जागरूकता बढ़ाने के लिए मास्क वितरण कार्यक्रम तहसील बागबाहरा में प्रारम्भ किया गया है।

 

 

Related Post

Leave A Comment

छत्तीसगढ़

Facebook