नेशनल लोक अदालत 9 मई को, अधिक से अधिक प्रकरणों के निराकरण हेतु प्रचार-प्रसार तेज
द न्यूज़ इंडिया समाचार सेवा
बेमेतरा : जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बेमेतरा द्वारा आगामी नेशनल लोक अदालत 09 मई 2026 के सफल आयोजन एवं अधिक से अधिक प्रकरणों के निराकरण के उद्देश्य से व्यापक प्रचार-प्रसार किए जाने के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक का आयोजन श्रीमती सरोज नंद दास, प्रधान जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बेमेतरा के मार्गदर्शन में एवं श्रीमती स्वर्णप्रभा यादव, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बेमेतरा की उपस्थिति में किया गया।
इस दौरान जानकारी दी गई कि नेशनल लोक अदालत के माध्यम से विभिन्न प्रकार के मामलों जैसे बैंक वसूली प्रकरण, मोटर दुर्घटना दावा प्रकरण, वैवाहिक/पारिवारिक विवाद, श्रम विवाद, राजस्व प्रकरण, चेक बाउंस मामले, विद्युत एवं जल कर से संबंधित प्रकरणों सहित अन्य सिविल व आपराधिक मामलों का आपसी सहमति से निराकरण किया जाएगा। बैठक में बताया गया कि लोक अदालत में निराकृत प्रकरणों में पक्षकारों को न्यायालय शुल्क की वापसी की जाती है तथा निर्णय के विरुद्ध कोई अपील भी नहीं होती, जिससे समय एवं धन दोनों की बचत होती है।
निःशुल्क विधिक सहायता एवं सलाह हेतु छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के टोल फ्री नंबर 15100 तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बेमेतरा के दूरभाष नंबर 07824-299152 पर संपर्क किया जा सकता है। आगामी नेशनल लोक अदालत के सफल आयोजन हेतु पैरालीगल वॉलेंटियर्स के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा तथा चौक-चौराहों पर होर्डिंग, फ्लेक्स एवं पंपलेट्स के जरिए अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार किए जाने के निर्देश दिए ।
thenewsindia@gmail.com