’घरेलू ऊर्जा का सबसे बेहतर विकल्प है पीएम सूर्यघर बिजली योजना - श्रीमती रोक्तिमा’

कोरिया : आज ऊर्जा संकट के बीच हमारे घरों में नियमित बिजली के लिए सौर ऊर्जा सबसे बेहतर विकल्प है। जरूरत है कि हम इसे आगे बढ़ाते हुए अपने अपने घरों में उपयोग करें। प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना

’घरेलू ऊर्जा का सबसे बेहतर विकल्प है पीएम सूर्यघर बिजली योजना - श्रीमती रोक्तिमा’

द न्यूज़ इंडिया समाचार सेवा

’घरेलू खपत के बाद बची हुई यूनिट के नगदीकरण से होगा दोहरा लाभ’

कोरिया : आज ऊर्जा संकट के बीच हमारे घरों में नियमित बिजली के लिए सौर ऊर्जा सबसे बेहतर विकल्प है। जरूरत है कि हम इसे आगे बढ़ाते हुए अपने अपने घरों में उपयोग करें। प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना इसका सबसे सुंदर और सफल माध्यम हो सकता है। कलेक्टर कोरिया श्रीमती रोक्तिमा यादव ने जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान दोनों जनपद की मैदानी टीम को संबोधित करते हुए ज्यादा से ज्यादा घरों में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के लिए आम नागरिकों को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला पंचायत कोरिया के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री योगेंद्र श्रीवास और सहायक संचालक श्री आशीष सिंह उपस्थित रहे।

’एक प्लांट पर अनुमानित खर्च’

सभाकक्ष में विद्युत विभाग के कार्यपालन अभियंता ने जानकारी देते हुए बताया कि यह योजना ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के लिए समान रूप से लागू है। एक हितग्राही द्वारा अपने घर की छत पर लगने वाले एक किलो वाट के सोलर प्लांट को स्थापित करने में आने वाला खर्च लगभग 70 हजार रुपए है। इस राशि का नब्बे प्रतिशत राशि बैंक से आसान ऋण प्राप्त कर लगाई जा सकती है और उसके साथ हितग्राहियों को केवल दस प्रतिशत राशि ही स्वयं वहन करना होगा।

’केंद्र और राज्य से बड़ी सब्सिडी’

प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना में केंद्र सरकार और राज्य सरकार द्वारा अलग अलग अनुदान राशि भी प्रदान की जा रही है। यदि कोई हितग्राही अपने घर पर एक किलोवाट का सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करवाते हैं तो उन्हें केंद्र सरकार द्वारा 30 हजार तथा राज्य सरकार द्वारा 15 हजार रुपए अनुदान राशि भी प्रदान की जा रही है। इस तरह से आवेदक को मात्र 30 हजार रुपए ही लगेंगे और यह बेहद आसान किस्तों में जमा कर सकते हैं।

’बिजली उत्पादन का नगदीकरण’

कलेक्टर कोरिया श्रीमती रोक्तिमा यादव ने कहा कि यह योजना प्रत्येक परिवार के लिए बेहद लाभदायक है। सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करवाते ही बिजली बिल शून्य हो जाएगा और आपके घर से उत्पादित होने वाली बिजली में घरेलू खपत के बाद बची हुई बिजली यूनिट की राशि भी विभाग द्वारा साल दर साल आपको सीधे खाते में प्रदान कराई जाएगी।

’सोलर दीदियों को मिलेगा लाभ’

ग्रामीण क्षेत्रों में प्रधानमंत्री सूर्य घर बिजली योजना के क्रियान्वयन में बिहान की दीदियों को संलग्न करने के निर्देश देते हुए श्रीमती रोक्तिमा यादव ने कहा कि इस योजना में हितग्राहियों को तैयार करने तथा उनके घर में संयंत्र स्थापित करवाने पर प्रत्येक दीदी को अच्छी राशि का कमीशन दिया जाएगा। इससे उनके लिए एक आय का स्रोत तैयार होगा और ग्रामीण विकास में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित होगी।