जिला पंचायत सीईओ ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं की समीक्षा की
द न्यूज़ इंडिया समाचार सेवा
विकास कार्यों में तेजी, गुणवत्ता और समय सीमा का पालन सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
महासमुंद : जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री अनुपमा आनंद ने सोमवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, समयबद्ध प्रगति तथा कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
बैठक में वीबी-जी राम जी, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम), ग्राम पंचायतों में संचालित विकास कार्यों तथा ग्रामीण अधोसंरचना से संबंधित योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई। सीईओ ने प्रत्येक योजना की वर्तमान प्रगति, लक्ष्य के अनुरूप उपलब्धि तथा लंबित कार्यों की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सीईओ श्रीमती अनुपमा आनंद ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर पात्र हितग्राहियों तक पहुंचना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विकास कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने, नियमित मैदानी निरीक्षण करने तथा कार्यों की सतत मॉनिटरिंग करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत स्वीकृत आवासों का निर्माण समयसीमा में पूर्ण कराने, मनरेगा के तहत रोजगार सृजन एवं स्वीकृत कार्यों को गति देने, स्वच्छ भारत मिशन के लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति तथा एनआरएलएम के माध्यम से महिला स्व-सहायता समूहों को आजीविका गतिविधियों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही ग्राम पंचायत स्तर पर संचालित विकास कार्यों की नियमित समीक्षा एवं आवश्यक समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी, सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, आरईएस के एसडीओ, मनरेगा एवं ग्राम पंचायत शाखा के कार्यक्रम अधिकारी, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण एवं स्वच्छ भारत मिशन के ब्लॉक समन्वयक तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के प्रभारी अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने अपनी-अपनी योजनाओं की अद्यतन प्रगति प्रस्तुत की, जिस पर विस्तृत चर्चा करते हुए आगामी कार्ययोजना निर्धारित की गई।
.
thenewsindia@gmail.com