मोहरसोप में सुशासन तिहार शिविर बना जनसमस्याओं के निराकरण का सशक्त मंच
सूरजपुर : राज्य शासन की महत्वाकांक्षी पहल सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत आज जनपद पंचायत ओड़गी के ग्राम पंचायत मोहरसोप में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर ग्रामीणजनों के लिए सही मायनों में वरदान सिद्ध हुआ।
द न्यूज़ इंडिया समाचार सेवा
महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी रजवाड़े ने आत्मीयतापूर्वक सुनी ग्रामीणों की समस्याएं
शिविर में मिले 872 आवेदन, मौके पर ही 275 आवेदनों का हुआ त्वरित निराकरण
सूरजपुर : राज्य शासन की महत्वाकांक्षी पहल सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत आज जनपद पंचायत ओड़गी के ग्राम पंचायत मोहरसोप में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर ग्रामीणजनों के लिए सही मायनों में वरदान सिद्ध हुआ। प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी रजवाड़े के मुख्य आतिथ्य में आयोजित इस गरिमामय शिविर में दूर-दराज के गांवों से बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणजनों ने अपनी समस्याएं, मांगें एवं शिकायतें प्रशासन के समक्ष रखीं और मौके पर ही समाधान पाकर संतोष व्यक्त किया।

‘शासन-प्रशासन अब गांवों के द्वार‘ - मंत्री श्रीमती रजवाड़े:-
शिविर को संबोधित करते हुए महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी रजवाड़े ने कहा कि सुशासन तिहार राज्य शासन की एक ऐसी अनूठी पहल है, जिसके माध्यम से शासन एवं प्रशासन स्वयं चलकर आमजन के बीच पहुंच रहा है तथा उनकी समस्याओं एवं शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित कर रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संचालित यह जनकल्याणकारी अभियान शासन की ष्अंत्योदय की भावनाष् का जीवंत प्रमाण है।

मंत्री श्रीमती रजवाड़े ने स्पष्ट करते हुए कहा कि राज्य शासन की मंशा है कि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को अपनी छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें, बल्कि गांव स्तर पर ही उनकी समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं संवेदनशील निराकरण सुनिश्चित किया जाए। यही कारण है कि सुशासन तिहार के अंतर्गत प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर शिविर लगाकर ग्रामीणों की समस्याओं को सुना जा रहा है।
योजनाओं का लाभ लेने की अपील, अधिकारियों को संवेदनशीलता के निर्देश:-
मंत्री श्रीमती रजवाड़े ने उपस्थित ग्रामीणों से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की। उन्होंने महिलाओं, बुजुर्गों, बच्चों एवं दिव्यांगजनों के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि शासन प्रत्येक वर्ग के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों पर पूर्ण संवेदनशीलता, गंभीरता एवं समयबद्ध तरीके से कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी पात्र हितग्राही को योजना के लाभ से वंचित न होना पड़े।
विभागीय स्टॉल बने आकर्षण का केंद्र:-
शिविर स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी ग्रामीणों को प्रदान की गई। आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, पेंशन योजना, महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, उज्ज्वला योजना सहित अनेक केंद्र एवं राज्य पोषित योजनाओं के स्टॉल ग्रामीणों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। मौके पर ही पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया तथा कई हितग्राहियों को मंच के माध्यम से प्रमाण पत्र, स्वीकृति आदेश एवं हितलाभ का वितरण भी किया गया।
शिविर की उपलब्धि - 872 आवेदन प्राप्त, 275 का तत्काल निराकरण:-
उल्लेखनीय है कि ग्राम पंचायत मोहरसोप में आयोजित इस सुशासन शिविर में समस्याओं एवं शिकायतों से संबंधित कुल 872 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 828 मांग से संबंधित एवं 44 शिकायत से संबंधित आवेदन शामिल रहे। शिविर के दौरान त्वरित कार्यवाही करते हुए कुल 275 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित किया गया, जिनमें मांग के 264 एवं शिकायत के 11 आवेदन सम्मिलित हैं। शेष आवेदनों पर संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध एवं संतोषजनक कार्यवाही सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी ग्रामीण को निराशा न हो।
ग्रामीणों ने जताया शासन-प्रशासन का आभार:-
शिविर में अपनी समस्याओं का त्वरित समाधान पाकर ग्रामीणजनों के चेहरों पर संतोष की चमक स्पष्ट दिखाई दी। उपस्थित ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं राज्य शासन के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ष्पहली बार ऐसा देखने को मिला है, जब अधिकारी गांव में आकर हमारी समस्याएं सुन रहे हैं और उनका समाधान भी कर रहे हैं।ष् उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार ने प्रशासन और आमजन के बीच की दूरी को मिटा दिया है।
ये जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी रहे उपस्थित:-
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विजेन्द्र सिंह पाटले, जनपद पंचायत ओड़गी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, समस्त विभागों के जिला स्तरीय अधिकारीगण, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधिगण, अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आसपास के गांवों से आए ग्रामीणजन उपस्थित रहे। शिविर का सफल संचालन एवं समन्वय जिला प्रशासन के अधिकारियों-कर्मचारियों ने सुनिश्चित किया।
thenewsindia@gmail.com