राज्योत्सव 2022रू नवीन जिले के प्रथम राज्योत्सव का हुआ रंगारंग आयोजन
द न्यूज़ इंडिया समाचार सेवा
सैला, करमा, सुआ नृत्यों के साथ अतिथियों का हुआ स्वागत
सांस्कृतिक रंगों से सजी संध्या, मनमोहक प्रस्तुतियों ने बांधा समां,देर शाम तक लोगों की रही भीड़
पारंपरिक खेलों में विभिन्न आयुवर्ग के लोगों ने लगाया जोर, कलेक्टर ने किया उत्साहवर्धन
आयोजन स्थल में विभागीय प्रदर्शनी हेतु लगाए गए स्टाल, लोगों को शासकीय योजनाओं के सम्बंध में दी गई जानकारी, विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को दी गयी सामग्री
मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी- भरतपुर : नवंबर छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आज जिला मुख्यालय मनेन्द्रगढ़ के स्वामी आत्मानन्द अंग्रेजी माध्यम विद्यालय मैदान में नवीन जिले के प्रथम राज्योत्सव का एक दिवसीय गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संचालक सीजीएमएससी तथा मनेन्द्रगढ़ विधायक डॉ विनय जायसवाल का स्वागत सैला, करमा तथा सुआ नृत्यों के साथ किया गया। श्री जायसवाल ने कार्यक्रम का शुभारंभ छतीसगढ़ महतारी के छायाचित्र में दीप प्रज्ज्वलन कर किया, इसके बाद राज्यगीत के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। मुख्य अतिथि श्री जायसवाल ने सभी को राज्य स्थापना दिवस की बधाई तथा शुभकामनाएं दीं। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल द्वारा जिले की जनता को नवीन जिले के रूप में दी गई सौगात के लिए धन्यवाद दिया। जनता को सम्बोधित करते हुए श्री जायसवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री बघेल के नेतृत्व में जनकल्याणकारी योजनाएं आज जन-जन तक पहुंची हैं, गरीब परिवारों के बच्चों का अंग्रेजी माध्यम में पढ़ने का सपना पूरा हुआ है, आमजन के द्वार तक आज स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंची हैं। उन्होंने कहा कि आज गांव-गांव तक अंतिम छोर के व्यक्ति को शासन की योजनाओं का लाभ मिल रहा है।