रामानुजगंज 100 बिस्तरीय अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं होंगी सुदृढ़
बलरामपुर : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बलरामपुर-रामानुजगंज अंतर्गत मुख्यमंत्री
द न्यूज़ इंडिया समाचार सेवा
उन्नयन हेतु 1 करोड़ 65 लाख रूपये से अधिक की राशि
ऑपरेशन थियेटर, डायलिसिस और ब्लड स्टोरेज की मिलेगी सुविधा
क्षेत्र के हजारों नागरिकों को मिलेगा बेहतर एवं त्वरित उपचार का लाभ
बलरामपुर : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बलरामपुर-रामानुजगंज अंतर्गत मुख्यमंत्री शासकीय अस्पताल रूपांतरण कोष के अंतर्गत नगर पालिका रामानुजगंज स्थित 100 बिस्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से सुसज्जित करने हेतु 1 करोड़ 65 लाख 92 हजार 500 रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के सतत प्रयासों से प्राप्त इस स्वीकृति के माध्यम से अस्पताल में ऑपरेशन थिएटर, डायलिसिस यूनिट एवं ब्लड स्टोरेज यूनिट जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे क्षेत्र के हजारों नागरिकों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो।
राज्य नोडल एजेंसी द्वारा प्रदत्त इस स्वीकृति के तहत अस्पताल में ऑपरेशन थिएटर, डायलिसिस यूनिट एवं ब्लड स्टोरेज यूनिट को सुदृढ़ किया जाएगा। वर्तमान में गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को उपचार के लिए अंबिकापुर, रायपुर अथवा अन्य बड़े शहरों का रुख करना पड़ता है, जिससे उन्हें आर्थिक एवं मानसिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। नई सुविधाओं के प्रारंभ होने से क्षेत्र के लोगों को समय पर उपचार मिलने से भी राहत मिलेगी।
स्वीकृत राशि से अस्पताल के लिए अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरण क्रय किए जाएंगे। इनमें उन्नत तकनीक से युक्त ऑटोमेटिक ऑटोक्लेव मशीन, आधुनिक ओटी लाइट, मल्टी पैरा मॉनिटर, एनेस्थीसिया वर्क स्टेशन, वेंटिलेटर मशीन, इलेक्ट्रिक ऑपरेशन टेबल, सक्शन मशीन, ट्रॉली, डायलिसिस मशीन, आरओ प्लांट, ट्रूनेट मशीन, ब्लड स्टोरेज रेफ्रिजरेटर, डीप फ्रीजर तथा अन्य आवश्यक उपकरण शामिल हैं। इन संसाधनों के उपलब्ध होने से बेहतर सेवाओं का दायरा भी विस्तृत होगा।
डायलिसिस के मरीज जिन्हें सप्ताह में कई बार उपचार के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ती है, उन्हें डायलिसिस यूनिट की स्थापना से राहत मिलेगी। ब्लड स्टोरेज यूनिट स्थापित होने से दुर्घटना, प्रसव अथवा अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित हो सकेगी, जिससे मरीजों का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी।
आने वाले समय में इन सुविधाओं के प्रारंभ होने से रामानुजगंज सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों लोगों को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ एवं समयबद्ध उपचार का लाभ मिल सकेगा। यह पहल निश्चित रूप से जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देने के साथ जनकल्याण की भावना को और अधिक सशक्त करेगी।
कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। अस्पताल में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं एवं अत्याधुनिक उपकरणों की उपलब्धता से मरीजों को समय पर बेहतर उपचार मिल सकेगा तथा गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए बड़े शहरों पर निर्भरता कम होगी। इससे समय, धन और श्रम की बचत होने के साथ-साथ आपातकालीन परिस्थितियों में भी त्वरित एवं प्रभावी उपचार उपलब्ध हो सकेगा।
thenewsindia@gmail.com