जिले के 4 महतारी सदन की मिली स्वीकृति, 25 सौ वर्गफुट में होगा निर्माण
द न्यूज़ इंडिया समाचार सेवा
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में सहायक होगा महतारी सदन-उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा
कोरिया : ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनके लिए सुरक्षित, सामुदायिक कार्यस्थल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार द्वारा महतारी सदन की स्थापना की जा रही है। इसी क्रम में कोरिया जिले में चार महतारी सदनों की स्वीकृति मिली है। इनमें बैकुण्ठपुर विकासखण्ड के ग्राम बुड़ार और अंगा तथा सोनहत विकासखण्ड के ग्राम रामगढ़ और कटगोड़ी पंचायत शामिल हैं।
उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि महतारी सदन महिलाओं को स्वरोजगार और सामूहिक गतिविधियों के लिए एक सशक्त मंच उपलब्ध कराएगा। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और आपसी समरसता बढ़ाने में यह सदन महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। मिली जानकारी के मुताबिक प्रदेश में अब-तक 368 महतारी सदनों की स्वीकृति दी जा चुकी है, जिनमें से 50 से अधिक सदनों का निर्माण पूर्ण हो चुका है। हाल ही में 166 महतारी सदन हेतु 49 करोड़ 80 लाख रुपये की स्वीकृति जारी की गई है। प्रत्येक सदन पर लगभग 30 लाख रुपये की लागत आएगी और निर्माण कार्य पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के मानक डिज़ाइन के अनुसार किया जाएगा।
5 वर्षों में हर ग्राम पंचायत में महतारी सदन
सरकार का लक्ष्य आगामी 5 वर्षों में प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों में महतारी सदन का निर्माण करने का है। प्रत्येक महतारी सदन लगभग 2,500 वर्गफुट क्षेत्र में बनेगा, जिसमें कमरा, बरामदा, हॉल, किचन, स्टोररूम, सामुदायिक शौचालय, पेयजल के लिए ट्यूबवेल, वाटर हार्वेस्टिंग और महिलाओं की सुरक्षा के लिए बाउंड्रीवाल की सुविधा होगी।
Leave A Comment