कमल हासन की शिकागो यात्रा: सर्दियों के बीच गर्मजोशी का अनुभव
मुंबई : आजकल दिग्गज अभिनेता कमल हासन शिकागो में फुरसत के पल बिता रहे हैं। कमल हासन ने वहां की कड़ाके की ठंड का आनंद लेते हुए अपनी कुछ तस्वीरें इंस्टाग्राम पर साझा की हैं। कमल हासन एक पुल पर खड़े होकर पोज देते नजर आए। उनके पीछे शिकागो की बड़ी-बड़ी इमारतों का नजारा दिखाई दे रहा है। कमल ने अपने पोस्ट में लिखा, शिकागो में भी ठंड है! कमल के इस पोस्ट पर फैंस और सेलेब्रिटीज ने जमकर प्रतिक्रिया दी। अभिनेता रणवीर सिंह ने भी उनके पोस्ट पर कमेंट किया, जिससे यह और ज्यादा चर्चा में आ गया। हालांकि, कमल हासन ने यह खुलासा नहीं किया कि वह शिकागो में किस मकसद से गए हैं।
कमल हासन जल्द ही मणिरत्नम की आगामी फिल्म ठग लाइफ में नजर आएंगे। इस प्रोजेक्ट की जानकारी उन्होंने नवंबर में एक लंबा नोट लिखकर दी थी। इस नोट में उन्होंने फैंस से खास अपील की थी। अपने एक्स (पूर्व ट्विटर) पोस्ट में कमल हासन ने फैंस द्वारा उन्हें दी जाने वाली उपाधियों, जैसे उलगानायगन (तमिल में लोकनायक) के प्रति आभार व्यक्त किया, लेकिन साथ ही विनम्रता से इन उपाधियों को स्वीकार करने से इनकार कर दिया। उन्होंने लिखा, मैं सिनेमा का एक आजीवन छात्र हूं।
कला किसी एक व्यक्ति से परे है और यह कई कलाकारों, तकनीशियनों और दर्शकों के सहयोग का नतीजा है। कमल हासन ने आगे कहा कि वह खुद को सुधारने और सीखने की प्रक्रिया में विश्वास करते हैं। उन्होंने लिखा, यह मेरा विनम्र विश्वास है कि कलाकार को कला से ऊपर नहीं रखा जाना चाहिए। मैं सम्मानपूर्वक सभी तरह की उपाधियों को अस्वीकार करने के लिए बाध्य हूं। उन्होंने अपने प्रशंसकों, मीडिया और फिल्म बिरादरी से अनुरोध किया कि अब से उन्हें केवल कमल हासन, कमल या केएच के नाम से ही पुकारा जाए। (एजेंसी)
Leave A Comment