ब्रेकिंग न्यूज़

बलरामपुर : महिला समूहों द्वारा संचालित आजीविकामूलक गतिविधियों का अवलोकन करने पहुंचे कलेक्टर

 मछली पालन, मुर्गी पालन सहित रागी की खेती कर रही हैं महिलाएं

बलरामपुर : कलेक्टर श्री श्याम धावड़े ने विकासखण्ड रामचन्द्रपुर के विजयनगर में महिला समूहों द्वारा किये जा रहे रागी की खेती, मछली तथा मुर्गी पालन क्षेत्र का निरीक्षण किया।

उन्होंने महिला समूह द्वारा किये जा रहे कार्यो की सराहना करते हुए विभागीय अधिकारियों को उन्हें हर संभव सहयोग प्रदान करने को कहा।


कलेक्टर ने समूह की महिलाओं से चर्चा कर उनके अनुभवों के बारे में जाना तथा महिलाएं इसके अतिरिक्त अन्य आजीविका मूलक कार्य करना चाहती है क्या, इसकी जानकारी ली।
 
उन्होंने रागी के फसल को चराई से बचाने हेतु पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। ग्राम विजयनगर में 75 हेक्टेयर क्षेत्र में 18 स्व-सहायता समूह की 101 महिलाएं रागी की खेती कर रही है।

कलेक्टर श्री श्याम धावड़े ने कृषि एवं पशुपालन विभाग के अधिकारियों के साथ विकासखण्ड रामचंद्रपुर के विजयनगर पहुँचकर महिला समूहों द्वारा संचालित विभिन्न आजीविकामूलक गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने महिला समूहों के सदस्यों से बात करते हुए रागी की खेती तथा अन्य कार्यों में विभागीय सहयोग मिलता है या नही, इसकी जानकारी ली। समूह की महिलाओं ने उन्हें बताया कि पिछले वर्ष भी रागी की खेती की गई थी जिसे बीज निगम को बेचकर अच्छी आय प्राप्त हुई। इस वर्ष भी कृषि विभाग के सहयोग से 75 हेक्टेयर क्षेत्र में रागी की बुवाई की गई है जिसका पंजीयन बीज निगम से हो गया है।

यह फसल भी अगले 15-20 दिनों में तैयार हो जाएगी। लाख पालन के लिए उपयुक्त पौधों की उपलब्धता तथा महिलाओं की मांग को देखते हुए कलेक्टर ने उन्हें लाख पालन से जोड़ने की बात कही। फसल को पशुओं से बचाने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था करने की निर्देश दिए। कलेक्टर श्री श्याम धावड़े ने इस क्षेत्र में डबरी तथा तालाबो में मछली पालन की जानकारी लेते हुए इनका गहरीकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गहरीकरण से उच्च भूमि का पानी तालाबों में एकत्रित होने से जल संरक्षण होगा और मछलीपालन की क्षमता में भी वृद्धि होगी।

इसके पश्चात उन्होंने मुर्गीपालन के लिए बने लेयर हाउस और शेड का अवलोकन कर कुक्कुट पालन से जुड़े समूह की महिलाओं से चर्चा करते हुए उनके लागत और आय के बारे में जानकारी ली। वर्तमान में तीन शेड में मुर्गीपालन किया जा रहा है। पशुपालन विभाग के अधिकारियों से महिलाओं को उन्नत मुर्गी पालन के लिए जानकारी, प्रशिक्षण तथा सहयोग प्रदान करने को कहा। कलेक्टर श्री धावड़े ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को लेयर हाउस और पोल्ट्री शेड के चारों ओर फेंसिंग का सुधार कार्य कर गेट लगाने को कहा। परिसर में बने आवासों को मुर्गी पालन से जुड़े समूह की महिलाओं को आबंटित करने को कहा ताकि वे यहां रह कर मुर्गीयों का उचित देखभाल कर सकें।

इस अवसर पर उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं श्री बी0पी0 सतनामी, अनुविभागीय अधिकारी कृषि रामानुजगंज सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी एवं समूह की महिलाएं उपस्थित थी।

Related Post

Leave A Comment

छत्तीसगढ़

Facebook