देशद्रोह का आरोपी शरजील इमाम बिहार के जहानाबाद से गिरफ्तार
नई दिल्ली। असम को देश से अलग करने की बात कहने वाले शरजील इमाम को बिहार से गिरफ्तार कर लिया गया है। शरजील की गिरफ्तारी दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम ने जहानाबाद से की है। इस ऑपरेशन में स्थानीय पुलिस भी दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच के साथ थी। पुलिस टीम का नेतृत्व दिल्ली पुलिस के डीसीपी क्राइम ब्रांच राजेश देव कर रहे थे।
बता दें कि चार दिन पहले शरजील इमाम का एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें वो अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के मंच से पूर्वोत्तर के राज्य असम को भारत से काटने की बात कह रहा है। उसने कहा कि मुसलमानों को अपनी ताकत दिखाते हुए कम से कम एक महीने तक असम का संपर्क भारत से काट देना चाहिए। इसके लिए रेलवे ट्रैक पर इतना मलबा डाल देना चाहिए कि उसे साफ करते-करते कम से कम एक महीने का समय लग जाए।
शरजील इमाम मूल रूप से बिहार के जहानाबाद का रहनेवाला है। जेएनयू से पीएचडी की पढ़ाई कर रहा शरजील इमाम यूरोप में मोटी पगार की नौकरी छोड़ कर भारत लौटा है। इसके बाद शरजील ने जेएनयू में पीएचडी में दाखिला लिया और उसके बाद इस्लामिक इलमों की ओर मुड़ता चला गया और पांच वक्त का नमाजी भी बन गया। जानकारी के मुताबिक, आईआईटी बॉम्बे से कंप्यूटर साइंस में एमटेक की डिग्री हासिल करने के बाद शरजील भारत से यूरोप चला गया था। वहां मोटी पगार पर वह वर्षों तक नौकरी करता रहा। फिर नौकरी छोड़कर वह वापस भारत लौट आया। यहां उसने दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में पीएचडी करने के लिए दाखिला ले लिया।
Leave A Comment