महाराष्ट्र से यूपी जा रहे 8 मजदूरों की सड़क हादसे में मौत, 50 से अधिक घायल
एजेंसी
नई दिल्ली : मध्य प्रदेश के गुना जिला मुख्यालय के पास बायपास मार्ग पर बस और कंटेनर की टक्कर के कारण आठ मजदूरों की मौत हो गई। वहीं, इस घटना में लगभग 50 मजदूर घायल हो गए। ये श्रमिक उत्तर प्रदेश के निवासी हैं, जो महाराष्ट्र से अपने गृहराज्य वापस लौट रहे थे।
पुलिस सूत्रों के अनुसार तड़के हुई इस दुर्घटना में कंटेनर में सवार श्रमिकों की मौत हो गई। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्थानिय मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, केंट थाना क्षेत्र में तड़के लगभग तीन बजे यह हादसा उस समय हुआ जब श्रमिकों को ले जा रहे कंटेनर की सामने से आ रही बस से टक्कर हो गई। बताया गया है कि कंटेनर महाराष्ट्र से उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले की तरफ जा रहा था। मृतकों की पहचान इब्राहीम, अजीत, अर्जुन, वसीम, रमेश और सुधीर के रूप में हुई है। कुच अन्य की पहचान तत्काल नहीं की जा सकी। घायलों का इलाज कराया जा रहा है और जिला प्रशासन ने उत्तर प्रदेश सरकार से भी संपर्क किया है।
उत्तर प्रदेश के सीएम ने मध्य प्रदेश के गुना में सड़क दुर्घटना में मारे गए उत्तर प्रदेश के मजदूरों के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। वहीं, गंभीर रूप से घायलों के लिए 50-50 हजार रुपये की घोषणा की गई है। अधिकारियों ने मृतकों के शवों को उनके रिश्तेदारों और परिवारों को यूपी में लाने के लिए कहा।
Leave A Comment