- Home
- टॉप स्टोरी
-
द न्यूज़ इंडिया समाचार सेवा
ग्रामीणों ने डंडा नृत्य कर मुख्यमंत्री का किया स्वागत
कोरबा : मुख्यमंत्री श्री बघेल का पिपरिया में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों एवं जनता ने हेलीपैड पर आत्मीय स्वागत किया। हेलीपैड पर ग्राम अमझर के ग्रामीणों ने डंडा नृत्य कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। पारंपरिक धुन और मांदर की थाप पर डंडा नृत्य ने मुख्यमंत्री का मन मोह लिया। उनके स्वागत में भारी संख्या में ग्रामीणजन हेलीपैड पर मौजूद रहे। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने सभी का स्वागत स्वीकार करते हुए सभी का अभिवादन किया। गोंड जनजाति द्वारा खुशी के अवसर एवं गौरा गौरी त्योहार के अवसर पर डंडा नाच किया जाता है। आदिवासी संस्कृति की विशेष पहचान डंडा नाच जनजाति सदस्यों द्वारा फसल कटाई की खुशी और त्योहारों पर किए जाने वाला विशेष नृत्य है।
पिपरिया हेलीपैड में मुख्यमंत्री श्री बघेल के स्वागत के दौरान पाली तानाखार क्षेत्र के विधायक श्री मोहित राम केरकेट्टा, जनपद सदस्य श्री भोला गोस्वामी, नगर पालिका कटघोरा अध्यक्ष श्री रतन मित्तल सहित ग्रामीण जन मौजूद रहे। प्रशासन की तरफ से मुख्यमंत्री का स्वागत पुलिस महानिरीक्षक श्री बद्रीनारायण मीणा, कलेक्टर श्री संजीव झा, पुलिस अधीक्षक श्री संतोष सिंह, जिला पंचायत सीईओ श्री नूतन कंवर, डीएफओ कोरबा श्री अरविंद पीएम और अन्य अधिकारियों ने किया। -
द न्यूज़ इंडिया समाचार सेवा
रायपुर : मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल अपने प्रदेशव्यापी भेंट-मुलाकात अभियान के तहत 13 जनवरी को पाली तानाखार विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पिपरिया और लाफा में आमजनता से भेंट-मुलाकात कर उनकी समस्याओं एवं आवेदनों का निराकरण करने के साथ ही शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में फीडबैक लेंगे।
निर्धारित दौरा कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 11.10 बजे पुलिस ग्राउण्ड हेलीपेड रायपुर से हेलीकॉप्टर द्वारा पाली तानाखार विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पिपरिया के लिए प्रस्थान करेंगे और वहां दोपहर 12.15 बजे से आम जनता से भेंट-मुलाकात एवं शासकीय योजनाओं, कार्यक्रमों का जायजा लेने के पश्चात ग्राम लाफा जाएंगे और वहां दोपहर 3 बजे से आम जनता से भेंट-मुलाकात करेंगे। इसके पश्चात वे ग्राम लाफा से हेलीकॉप्टर से तहसील पाली के लिए प्रस्थान करेंगे और वहां संध्या 6.30 बजे से रात्रि 8.30 बजे तक विभिन्न समाज के प्रतिनिधिमंडल से भेंट करेंगे और पाली में ही रात्रि विश्राम करेंगे। -
द न्यूज़ इंडिया समाचार सेवा
स्वामी विवेकानंद का निवास स्थान रहा रायपुर का प्राचीन डे भवन अंतर्राष्ट्रीय स्मारक के रूप में होगा विकसित
मुख्यमंत्री ने ’डे-भवन’ के जीर्णाेंद्धार कार्याें का किया शिलान्यास
स्वामी विवेकानंद ने पूरी दुनिया को दिखाई मानव सेवा की राह
राजीव युवा मितान क्लबों को 19.14 करोड़ रूपए की राशि वितरित
रायपुर : मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने कहा है कि स्वामी विवेकानंद की स्मृतियों को चिरस्थाई बनाने के लिए उनसे जुड़े रायपुर के प्राचीन डे भवन को अंतर्राष्ट्रीय स्तर के स्मारक के रूप में विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने आज युवा दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर के गांधी मैदान में आयोजित कार्यक्रम में स्वामी विवेकानंद स्मारक ’डे-भवन’ के जीर्णाेंद्धार कार्याें का शिलान्यास करने के बाद कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए इस आशय के विचार प्रकट किए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वामी विवेकानंद युग पुरूष और युग निर्माता थे, जिन्होंने पूरी दुनिया को मानवता की सेवा की राह दिखाई। उन्होंने कहा कि नरेन्द्र नाथ को स्वामी विवेकानंद बनाने में सबसे बड़ा योगदान रायपुर और छत्तीसगढ़ का है। कोई भी व्यक्ति किशोरावस्था में जो सीखता है वह जीवन भर काम आता है। स्वामी विवेकानंद ने अपनी 12 वर्ष से 14 वर्ष किशोरवस्था का समय रायपुर में बिताया। निश्चित रूप से स्वामी विवेकानंद जी के जीवन में छत्तीसगढ़ का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। मुख्यमंत्री ने इसके पहले डे भवन का अवलोकन भी किया। गांधी मैदान पहंुचने पर मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
गौरतलब है कि स्वामी विवेकानंद ने कोलकाता के बाद अपने जीवन का सर्वाधिक समय रायपुर में बिताया था। रायपुर प्रवास के दौरान वे अपने माता-पिता के साथ रायपुर के डे-भवन में रहे थे। शिलान्यास के साथ डे-भवन के मूल स्वरूप में जीर्णोंद्धार कार्य का आज शुभारंभ हुआ। डे-भवन का जीर्णोद्धार लगभग 4.50 करोड़ रूपए की लागत से किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में 21 जिलों के 7718 राजीव युवा मितान क्लबों को 19 करोड़ 14 लाख 25 हजार रुपए की राशि अंतरित की। इसे मिलाकर राजीव युवा मितान क्लबों को अब तक 52.40 करोड़ रुपए की राशि दी गई है। मुख्यमंत्री ने युवा दिवस के अवसर पर युवाओं के लिए पुलिस सब इंस्पेक्टर पद पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस संबंध में विभागीय अधिकारियों को निर्देश दे दिए गए हैं। इसके माध्यम से सब इंस्पेक्टर के 971 पदों पर भर्ती की जाएगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता रामकृष्ण मिशन विवेकानंद शैक्षणिक एवं अनुसंधान संस्थान, बेलूर पश्चिम बंगाल के कुलपति स्वामी सर्वाेत्तमानंद जी महाराज ने की। खाद्य और संस्कृति मंत्री श्री अमरजीत भगत, संसदीय सचिव श्री विकास उपाध्याय, भूतनाथ डे चेरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. एच.एस. उपाध्याय, विधायकगण श्री सत्यनारायण शर्मा, श्री कुलदीप जुनेजा, नगर निगम के महापौर श्री एजाज ढेबर, सभापति श्री प्रमोद दुबे विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि स्वामी आत्मानंद, स्वामी सत्यरूपानंद, स्वामी निखिलात्मानंद जी का डे भवन को स्मारक के रूप में विकसित करने का जो सपना अधूरा रह गया था, आज साकार होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस भवन में संचालित स्कूल को लगभग ढ़ाई करोड़ रूपए की लागत से निर्मित नये भवन में स्थानांतरित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने युवाओं को उठो, जागो और लक्ष्य को हासिल करो का संदेश दिया था। युवाओं को रूकना, थकना नही है, निरंतर आगे चलना है, जिससे लक्ष्य हासिल हो सके। वे क्रांतिकारी विचारक थे। उन्होंने कहा था कि युवाओं को धर्म की घुट्टी पिलाने की जगह मैं उन्हें फुटबाल के मैदान में देखना पसंद करूंगा। तत्कालीन भारत में अशिक्षा और भुखमरी का बोल बाला था। उनका कहना था कि लोगों को पहले शिक्षा, भोजन और रोजगार दिलाया जाए। उसके बाद धर्म और मोक्ष की बात हो। उन्होंने कहा था कि आधुनिक युग में वह नास्तिक है, जिसका खुद पर विश्वास नही है। उन्होंने शिव भाव से जीव की सेवा करने का संदेश दिया। मानव सेवा से ही ईश्वर की सेवा हो सकती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में जो महापुरूष आए हैं उनसे जुड़े स्थानों को विकसित करने का प्रयास राज्य सरकार द्वारा किया जा रहा है। हमने गुरू घासीदास धाम को विकसित करने का कार्य किया। उनसे जुड़े स्थानों को विकसित किया जा रहा है। गुरू नानकदेव जी से जुड़े गढ़फुलझर को धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने का निर्णय किया गया है। इसके साथ ही साथ भगवान राम से जुड़े स्थलों को राम वन गमन पर्यटन परिपथ के रूप में विकसित किया जा रहा है। सिरपुर स्थित बौद्ध परिसर को विकसित किया जा रहा है। नागार्जुन की तपोभूमि को भी विकसित किया जा रहा है। हमारी संस्कृति पांच हजार साल पुरानी है। यहां प्राचीन नाट्यशाला है। रींवा और तरीघाट जैसे पुरातात्विक स्थल हैं, जिन्हें दुनिया के मानचित्र पर लाने का प्रयास किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने राजीव युवा मितान क्लब का उल्लेख करते हुए कहा कि युवाओं को छत्तीसगढ़ की संस्कृति से जोड़ने, उनकी खेल प्रतिभा को विकसित करने और युवाओं को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
स्वामी सर्वाेत्तमानंद जी महाराज ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद ने रायपुर में संगीत, पाककला, शतरंज सीखा, जितने वे कोलकाता के पुत्र रहे उतने वे रायपुर के भी पुत्र रहे। उन्होंने कहा कि हमारी विरासत हमारी संस्कृति का महत्वपूर्ण है। इसे बचाकर रखा जाना चाहिए। संग्राहालय की आवश्यकता को रेखांकित करते हुए कहा कि इससे हमारी सांस्कृतिक विरासत का क्रम हमारी स्मृतियों में बना रहता है। संस्कृति मंत्री श्री अमरजीत भगत ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ की कला संस्कृति, तीज त्यौहार और धरोहरों को सहेजने और सवारने का कार्य किया जा रहा है।
विवेकानंद विद्यापीठ के संचालक डॉ. ओमप्रकाश वर्मा ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि यह हम सभी के लिए बड़ा हर्ष का विषय है कि स्वामी विवेकानंद रायपुर के जिस भवन में रहे उसका संरक्षण कार्य का शुभारंभ आज किया जा रहा है। सन् 1960 में स्वामी आत्मानंद रायपुर आये थे। तब उनकी यह इच्छा रही कि इस भवन में स्वामी विवेकानंद जी की स्मृति में एक स्मारक बनाया जाए। इस शुभ कार्य को संपन्न करने का अवसर आज मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल को मिला है। स्वामी विवेकानंद जी का जन्म 12 जनवरी 1863 को हुआ। हम उन्हें युगाचार्य के नाम से जानते हैं। हम उन्हें युगाचार्य इसलिए कहते हैं क्योंकि जो युग के अनुकूल दर्शन का व्याख्यान करते हैं वो युगाचार्य कहलाते हैं। उन्होंने सोये हुए भारत को जगाने का काम किया, उसे नवीन दिशा दी। वे यद्यपि प्रत्यक्ष राजनीति में शामिल नहीं रहे, परन्तु उन्होंने देश को स्वतंत्र करने के लिए जो विचार दिए वह अनेक क्रांतिकारियों के लिए प्रेरणास्त्रोत रहे। आधुनिक युग में जितने भी राष्ट्र निर्माता हुए सभी को उनके विचारों से प्रेरणा मिली। उनके दलितों और अस्पृश्यों के प्रति अप्रतिम करूणा गांधी जी के हरिजन सेवा के माध्यम से प्रकट हुई। उनके आत्मविश्वास ने गांधी जी के चरखे का रूप धारण किया। उनके तकनीकी शिक्षा के प्रचार की अदम्य अभिलाषा ने पंडित जवाहर लाल नेहरू के आधुनिक औद्योगिक तीर्थों को साकार किया। उनका आध्यात्मिक संदेश महर्षि अरविन्द के माध्यम से मुखरित हुआ। उनकी देश की पराधीनता की बेड़ियों को काटने की प्रबल तमन्ना ने नेता जी सुभाष चंद्र बोस को जन्म दिया। इतना ही नही पाश्चात्य दार्शनिक मैक्समूलर भी स्वामी जी के विचारों से प्रभावित थे।
डॉ. वर्मा ने कहा कि साम्यवाद और समाजवाद, कल्याणकारी तत्वों के मूल स्वामी विवेकानंद के चिन्तन में मिलते हैं। विज्ञान को सही दिशा निर्देश स्वामी विवेकानंद देते हैं। जीवन में शिक्षा का वास्तविक स्वरूप क्या हो यह शिक्षा स्वामी विवेकानंद हमें बताते है। धर्म का वास्तविक स्वरूप क्या हो इसका भी उन्होंने आख्यान किया है। मनुष्य ही सबसे बड़ा ईश्वर है और मनुष्य की पूजा करना ही सबसे बड़ी ईश्वर की पूजा है। शिव भाव से जीव सेवा का सूत्र स्वामी विवेकानंद देते है। धर्म और विज्ञान में समन्वय स्वामी जी करते हैं और यह राष्ट्र हमारा ईश्वर है। हमें सबसे पहले इसकी पूजा करनी चाहिए। स्वामी जी कहा करते थे कि यदि कोई तुमसे पूछे कि तुम्हारा धर्म क्या है, तो तुम कहो कि तुम्हारा धर्म भारत है। तुमसे पूछे कि तुम्हारा ईष्ट क्या है तो तुम कहो कि मेरा ईष्ट भारत माता है। इस प्रकार स्वामी जी ने जीवन के सभी पहलुओं को प्रभावित किया। इसलिए रामधारी सिंह दिनकर जी ने स्वामी विवेकानंद जी के बारे में एक बहुत संुदर बात लिखी है कि अभिनव भारत को जो कुछ भी कहना था, वह स्वामी विवेकानंद जी के मुख से उद्दीर्ण हुआ। अभिनव भारत को जिस दिशा की ओर जाना था, उसका स्पष्ट संकेत स्वामी जी ने दिया है। स्वामी विवेकानंद वह सेतु है, जिसमें प्राचीन और नवीन भारत प्रगाढ़ आलिंगन करते हैं। स्वामी विवेकानंद वह सेतु है, जिसमें धर्म और विज्ञान, राजनीति और धर्म सब एक साथ समाहित होते हैं। हम सभी के लिए गौरव का विषय यह है कि ऐसे स्वामी विवेकांनद ने छत्तीसगढ़ में अपने किशोरावस्था के 2 वर्ष रायपुर में बिताये। यहां रहकर उन्होंने जो अनुभूतियां संचित की वह उनके जीवन में बहुत महत्वपूर्ण रही। नरेन्द्रनाथ दत्त को स्वामी विवेकानंद बनाने में रायपुर के अनुभव बड़े महत्वपूर्ण रहे। आज इस महत्वपूर्ण दिन में एक महत्वपूर्ण कार्य का शुभारंभ किया जा रहा है। हमें विश्वास है कि यह स्मारक एक अंतर्राष्ट्रीय केन्द्र के रूप में विकसित होगा। हम मुख्यमंत्री महोदय के आभारी हैं कि इस विषय में उन्होंने महत्वपूर्ण प्रयास किया और वर्षों से स्वामी विवेकानंद के अनुयायियों और सामान्य लोगों की जो लंबित इच्छा थी, वह आज पूरी हुई है। -
द न्यूज़ इंडिया समाचार सेवा
सिहावा : मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने कहा कि 2 तिहाई विधानसभा में भेंट-मुलाकात कर चुके हैं। व्यक्ति को आधार मानते हुए हमने विकास का पैमाना तय किया। कुपोषण में काम किया। स्वास्थ्य के क्षेत्र में लगातार हमने काम किया है। लोगों की आय में वृद्धि हो, इसलिए सभी वर्गों के लिए अलग-अलग कार्ययोजना बनाई जिसका लाभ सभी ने लिया है।
पहले 15 लाख किसान धान बेचते थे, अब लगभग 25 लाख किसान हैं। रकबा में भी वृद्धि हुई है। इस साल धान खरीदी पिछले साल की तुलना में अधिक होगी। धान के उठाव में भी तेजी से कार्य चल रहा है। जिसे फरवरी-मार्च तक पूरा कर लिया जाएगा। राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना से तहत भूमिहीन परिवारों को भी लाभ दे रहे।
गोधन न्याय योजना में 98 लाख क्विंटल गोबर की खरीदी की है। अब गोबर से प्राकृतिक पेंट बनाने का भी काम चल रहा। फरवरी तक सभी जगह चल रहा। स्कूलों के उन्नयन के लिए भी एक हजार करोड़ की व्यवस्था की है। हाफ बिजली बिल योजना के तहत 32 सौ करोड़ की राहत दी जा चुकी है। अनुसूचित क्षेत्र में और यहां भी 12 जगह देवगुड़ी बनाने और उनके उन्नयन की घोषणा की है। राजीव युवा मितान क्लब के सदस्य ओलिंपिक में भागीदार बने हैं, महिलाओं ने बड़ी संख्या में ओलिंपिक में भाग लिया।
वनाधिकार के तहत हमने पट्टा देने का काम किया है। हमने नगरीय क्षेत्र में भी इसे लागू किया। बेलर गांव और खिसोरा में मांग के अनुसार घोषणा की है। -
द न्यूज़ इंडिया समाचार सेवा
ग्राम-खिसोरा# मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने मगरलोड में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व का सप्ताह में दो दिन लिंक कोर्ट प्रारंभ करने की घोषणा की।# खिसोरा में हाई स्कूल का निर्माण करने की घोषणा की।# खिसोरा के बस्तीपारा में नवीन प्राथमिक शाला भवन का निर्माण कराया जाएगा।# खिसोरा बाला तालाब का सौन्दर्यीकरण किया जाएगा।# खिसोरा में प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति हेतु नया भवन बनाया जाएगा।# करेलीबड़ी को उप तहसील बनाने की घोषणा की।# ग्राम पंचायत मोतिमपुर में सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणा।# सिंगपुर क्षेत्र के बुढ़ीगढ़ पर्यटन स्थान में सोलर ड्यूल पंप की स्थापना करने की घोषणा।# ग्राम पंचायत सिंगपुर में देवगुड़ी निर्माण व मरम्मत कार्य किया जाएगा।# खिसोरा मैदान में मिनी स्टेडियम बनाया जाएगा।
बेलरगांव
# ग्राम बेलरगांव में सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणा।# ग्राम सांकरा-घठुला-बेलरगांव-जैतपुरी सड़क मार्ग का चौड़ीकरण किया जाएगा।# ग्राम राजपुर से कर्राघाटी तक पक्की सड़क का निर्माण कार्य किया जाएगा।# मुरूमसिल्ली बांध की सुरक्षा हेतु प्रोटेक्शन वॉल का निर्माण एवं डिस्टर्व पिंचिंग का सुधार कराया जाएगा।# ग्राम सिरसिदा बालका नदी के कर्णेश्वर संगम मंदिर तक तटबंध निर्माण किया जाएगा।# बाजार कुर्रीडीह में धान खरीदी केन्द्र खोलने की घोषणा।# ग्राम खैरभरी में आमानाला नदी के किनारे तथा ग्राम गोविंदपुर में डोंगापथरा के पास पुल निर्माण की घोषणा।# करैहा से आमड़मुड़ा मार्ग में पुलिया निर्माण।# ग्राम पंचायत अमाली, ग्राम गुड़रापारा, मौहाबाहरा, राजपुर और लखनपुरी में ‘मुख्यमंत्री हाट बाजार योजना’ के तहत शेड निर्माण किया जाएगा।# विकासखण्ड नगरी के 12 ग्राम पंचायतों (चनागांव, गेदरा, उमरगांव, कांटाकुरीडीह, लखनपुरी, कसपुर, बनबगौद, परसापानी, कल्लेमेटा, भड़सिवना, हिर्रीडीह, घठुला, खम्हरिया) में देवगुड़ी निर्माण एवं मरम्मत कार्य की घोषणा।# राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना के हितग्राही श्री चुन्नीलाल साहू को एक लाख रूपए देने की घोषणा।
सिहावा
# डडसेना कलार समाज की सामुदायिक भवन की मांग पर मुख्यमंत्री ने 20 लाख रूपए देने की घोषणा की।# मुख्यमंत्री ने कबीर समाज के आग्रह पर भैंसमुंडी आश्रम के जीर्णाेद्धार और पानी के लिए 5 लाख रूपए की घोषणा की।# नगरी ब्राह्मण समाज ने 11 डिसमिल जमीन का सीमांकन करने निवेदन किया। मुख्यमंत्री ने 10 लाख रूपए देने की घोषणा।# मुस्लिम समाज की सांस्कृतिक भवन निर्माण के लिए पैसे की मांग पर मुख्यमंत्री ने 20 लाख रूपए देने की घोषणा की।# गायत्री परिवार को संस्कार शाला भवन के लिए 15 लाख रूपए देने की घोषणा की।# जैन समाज को श्वेतांबर जैन ओसवाल भवन के पास अहाता निर्माण फ्लोरिंग कराने के लिए 10 लाख रूपए देने की घोषणा।# कबीर समाज द्वारा सन्त भवन के लिए भवन की मांग पर 10 लाख रूपए देने की घोषणा। -
द न्यूज़ इंडिया समाचार सेवा
मुख्यमंत्री भेंट-मुलाकात में धमतरी जिले के सिहावा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम खिसोरा पहुंचे
मगरलोड में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व का प्रारंभ होगा लिंक कोर्ट
करेलीबड़ी को मिलेगा उप तहसील का दर्जा
खिसोरा मैदान में बनेगा मिनी स्टेडियम
धमतरी : मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल आज भेंट-मुलाकात कार्यक्रम में धमतरी जिले के सिहावा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम खिसोरा पहंुचे। मुख्यमंत्री ने यहां ग्रामीणों से सीधे चर्चा कर राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि हमने आम जनता से जो वायदा किया था, उसे पूरा कर रहे हैं। मैं आपसे मिलने और आपका हालचाल जानने खिसोरा आया हूं। उन्होंने कहा कि धमतरी धान व अनाज का सबसे ज्यादा उत्पादन करने वाला जिला है। यहां सबसे ज्यादा राइस मिल है।
मुख्यमंत्री ने किसान हितैषी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार बनते ही सबसे पहले हमने किसानों की ऋण माफी की। छत्तीसगढ़ सबसे पहला राज्य है जहां किसानों को समर्थन मूल्य और इनपुट सब्सिडी मिलाकर धान की प्रति क्विंटल 2500 कीमत मिल रही है। उन्होंने कहा कि अभी तक राजीव गांधी किसान न्याय योजना की 3 क़िस्त दी जा चुकी है, चौथा क़िस्त 31 मार्च के पहले दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से धान खरीदी, बारदाना, तौलाई, धान के उठाव और पेमेंट की जानकारी ली। हमने जो भी वायदा किया है वो सब पूरा कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने 1 परिवार को 35 किलो चावल देने का फैसला किया। अब सभी का राशन कार्ड बन रहा है। उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों से राशन कार्ड की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने इसके पहले कार्यक्रम स्थल में छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र में पुष्प अर्पित कर राज्यगीत के साथ भेंट-मुलाकात कार्यक्रम की शुरुआत की। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अनिला भेंड़िया, विधायक डॉ. लक्ष्मी ध्रुव भी उपस्थित थीं।
शोभाराम ने किस्त की राशि से बनवाया अपना मकान
भेंट-मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से पूछा किसका-किसका ऋण माफ हुआ। जवाब में सैकड़ों ग्रामीणों ने हाथ उठाकर कहा हां। ग्राम चन्ना के शोभाराम साहू ने बताया कि उनकी 3 एकड़ जमीन है, 50 हजार ऋण माफ हुआ, राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तीसरे क़िस्त की राशि का घर बनाने में उपयोग किया। अपने नाती का नामकरण संस्कार किया। उन्होंने धान खरीदी की तारीफ करते हुए मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया और कहा अन्नदाता प्रसन्न हैं।
पहले त्यौहार में साहूकार के पास जाते थे, अब बैंक जाते हैं
ग्राम खिसोरा के कमलेश निषाद ने बताया कि उनकी सवा 4 एकड़ जमीन है। उनका 49 हजार ऋण माफ हुआ। धान बेचने के 2 दिन में ही पैसा खाते में आया। राजीव गांधी किसान न्याय योजना से मिले राशि से सुपर स्पलेंडर गाड़ी खरीदी। अपने ससुराल जाकर अपनी नई गाड़ी का उद्घाटन किया। कमलेश ने कहा राजीव गांधी किसान न्याय योजना से किसानों को लाभ हुआ। त्यौहार में साहूकार के पास जाते थे अब बैंक जाते हैं। प्यारेलाल ने बताया कि उन्हें राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना का लाभ मिल रहा है। उन्होंने इस योजना की तारीफ की। ग्राम खिसोरा के सोमेश कुमार यादव ने बताया कि उन्होंने 215 क्विंटल गोबर बेचा, 65 हजार मिला। पैसा से बच्चो की पढ़ाई कराई और गोधन न्याय योजना की तारीफ की। महिला समूह की सदस्य ने बताया कि वर्मी कंपोस्ट निर्माण कर उनके समूह ने 02 लाख की आय अर्जित की। कृष्ण कुमार ने गोबर बेचकर 57 हजार 770 रुपये कमाया। गोबर बेचकर घर बनाया और स्वास्थ्य खराब होने पर राशि का उपयोग इलाज करवाने में किया। रूखमणी ने बताया कि डॉक्टर हाट बाजार मुफ्त में इलाज करते हैं। साल भर से इलाज करा रही हूं। रूखमणी ने योजना की तारीफ की। मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से खूबचन्द बघेल स्वास्थ्य सहायता योजना, विशेष स्वास्थ सहायता योजना और वनाधिकार पट्टा की भी जानकारी ली।
विमल नेताम ने बताया कि उन्हें 1 एकड़ 60 डिसमिल का पट्टा मिला है। पट्टा में धान भी बेचता हूं। विमल नेताम ने बताया कि उनके ग्राम पंचायत के आश्रित गांव में गौठान नही है। उन्होंने आवर्ती चराई बनाने की बात कही। विमल नेताम ने निवेदन किया कि 1 एकड़ में 15 क्विंटल के जगह 20 क्विंटल की खरीदी होनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने बताया कि उनकी मंशा है कि वे किसानो से 1-1 दाना धान खरीदे और रबी फसल का भी धान खरीदे। सरप्लस धान का एथेनाल बनाने की अनुमति भारत सरकार से मिलने पर 1-1 दाना धान खरीदेंगे और दोनों सीजन का।
मुख्यमंत्री ने जाति प्रमाण पत्र बनाने की जानकारी ली। शुभम ने बताया कि जाति प्रमाण पत्र नहीं बन रहा। जमीन का रिकॉर्ड नहीं है जिसके कारण दिक्कत हो रहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचायत प्रस्ताव कराकर नियमानुसार कार्यवाही करें। राजीव गांधी युवा मितान क्लब के रामकृष्ण साहू ने बताया कि 40 सदस्य है, जिसमे 12 महिला है। इस योजनांतर्गत मिले पैसे से खेल-कूद कराया, वृक्षारोपण, ग्राम का विकास, पंचायत का सहयोग करते हैं। योजना बहुत अच्छी है, योजना की तारीफ की। मोहेरा के किशन ने अदभुत अंदाज मंे कहा -पहिली गोबर ला भैसा गाड़ी के लेगों, अब छोटा हाथी में लेगथों। खिसोरा के सोमेश कुमार ने बताया गोबर बेचकर घर का खर्च चला रहे हैं।
ग्राम कपालफोड़ी की महिला ने बताया, सब्जी उत्पादन ढाई एकड़ में से कुछ भूखंड में करती हैं, रेतीली जमीन होने के कारण उत्पादन कम आ रहा। मुख्यमंत्री ने बताया कि मक्का और गन्ना से एथेनॉल बनाने की योजना सरकार द्वारा बनाई जा रही है। एथेनॉल प्लांट के लिए भारत सरकार से अनुमति मांगी गई है। जाति प्रमाण पत्र बनाने के बारे में पूछे जाने पर सुनील नगारची ने बताया 50 साल का रिकॉर्ड मांगा जाता है, जो उपलब्ध नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा ग्राम सभा से प्रस्ताव कराकर आवेदन करें। एसडीएम कुरूद को निर्देशित किया कि नगारची जाति के आवेदन के निराकरण की जानकारी आज शाम को ही दें।
खिसोरा में मुख्यमंत्री ने की अनेक घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने ग्राम खिसोरा में ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों की मंाग पर अनेक घोषणाएं की। उन्होंने मगरलोड में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व का सप्ताह में दो दिन लिंक कोर्ट प्रारंभ करने, करेलीबड़ी को उप तहसील का दर्जा देने, खिसोरा में हाई स्कूल के निर्माण, खिसोरा के बस्तीपारा में नवीन प्राथमिक शाला भवन के निर्माण, खिसोरा बाला तालाब के सौन्दर्यीकरण, खिसोरा में प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति हेतु नए भवन, ग्राम पंचायत मोतिमपुर में सामुदायिक भवन के निर्माण, सिंगपुर क्षेत्र के बुढ़ीगढ़ पर्यटन स्थान में सोलर ड्यूल पंप की होगी स्थापना, ग्राम पंचायत सिंगपुर में देवगुड़ी निर्माण व मरम्मत कार्य और खिसोरा मैदान में मिनी स्टेडियम की घोषणा की। -
द न्यूज़ इंडिया समाचार सेवा
रायपुर : मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल अपने प्रदेशव्यापी भेंट-मुलाकात अभियान के तहत 11 जनवरी को सिहावा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम खिसोरा और बेलरगांव में आमजनता से भेंट-मुलाकात कर उनकी समस्याओं एवं आवेदनों का निराकरण करने के साथ ही शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में फीडबैक लेंगे।
निर्धारित दौरा कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 11.30 बजे पुलिस ग्राउण्ड हेलीपेड रायपुर से हेलीकॉप्टर द्वारा सिहावा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम खिसोरा के लिए प्रस्थान करेंगे और वहां दोपहर 12 बजे से आम जनता से भेंट-मुलाकात एवं शासकीय योजनाओं, कार्यक्रमों का जायजा लेने के पश्चात ग्राम बेलरगांव जाएंगे और वहां दोपहर 3 बजे से आम जनता से भेंट-मुलाकात करेंगे। इसके पश्चात वे बेलरगांव से प्रस्थान कर विश्रामगृह सिहावा पहुंचेंगे और वहां संध्या 6.30 बजे से रात्रि 8.30 बजे तक विभिन्न समाज के प्रतिनिधिमंडल से भेंट करेंगे और सिहावा में ही रात्रि विश्राम करेंगे।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में आम जनता से भेंट-मुलाकात का सिलसिला अनवरत रूप से जारी है। भेंट-मुलाकात अभियान की शुरूआत मुख्यमंत्री श्री बघेल ने 4 मई से 11 मई तक सरगुजा अंचल के विधानसभा क्षेत्रों से की थी। इसके पश्चात बस्तर संभाग के सभी विधानसभा क्षेत्रों सहित अब तक लगभग 60 विधानसभा क्षेत्रों में मुख्यमंत्री आम जनता से भेंट-मुलाकात कर शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन और उससे जनता से मिल रहे लाभ के बारे में जानकारी प्राप्त कर चुके हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री आम जनता की मांग पर क्षेत्रों के विकास एवं निर्माण कार्यों के लिए करोड़ रूपए की सौगात दे रहे हैं। -
द न्यूज़ इंडिया समाचार सेवा
गोबर से 8,997 लीटर प्राकृतिक पेंट निर्मित
3307 लीटर प्राकृतिक पेंट के विक्रय से 7 लाख से अधिक की आय
रायपुर, दुर्ग और कांकेर गोबर से पेंट बनाने की 5 यूनिटें क्रियाशील
गोबर से प्राकृतिक पेंट उत्पादन की 37 इकाईयां निर्माणाधीन
गौठानों में अब तक 1 लाख 15 हजार 423 लीटर गौमूत्र क्रय
ब्रम्हास्त्र और जीवामृत की बिक्री से 22.43 लाख की आय
रायपुर : मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल 10 जनवरी को मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में गोधन न्याय योजना के राशि अंतरण के लिए आयोजित वर्चुअल कार्यक्रम के माध्यम से पशुपालक ग्रामीणों, गौठानों से जुड़ी महिला समूहों और गौठान समितियों को 7 करोड़ 5 लाख रूपए की राशि ऑनलाइन जारी करेंगे, जिसमें 16 दिसम्बर से 31 दिसम्बर 2022 तक गौठानों में पशुपालक ग्रामीणों, किसानों, भूमिहीनों से क्रय 2.29 लाख क्विंटल गोबर के एवज में 4 करोड़ 59 लाख रूपए, गौठान समितियों को 1.46 करोड़ रूपए और महिला समूहों को एक करोड़ रूपए की लाभांश राशि शामिल हैं। यहां यह उल्लेखनीय है कि गोधन न्याय योजना के तहत गोबर खरीदी के एवज में विक्रेताओं को अंतरित की जाने वाली 4.59 करोड़ रूपए की राशि में से मात्र 1.76 करोड़ की राशि कृषि विभाग द्वारा तथा 2.83 करोड़ रूपए का भुगतान स्वावलंबी गौठानों द्वारा किया जाएगा। गौरतलब है कि राज्य में अब तक 4,564 गौठान स्वावलंबी हो चुके हैं, जो स्वयं की जमा पूंजी से गोबर क्रय करने लगे हैं। स्वावलंबी गौठानों द्वारा अब तक 35.19 करोड़ रूपए का गोबर स्वयं की राशि से क्रय कर भुगतान किया गया है।
गौठानों में बनने और बिकने लगा गोबर से बना प्राकृतिक पेंट
मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल की मंशा के अनुरूप राज्य में पशुधन के संरक्षण और संवर्धन के लिए स्थापित गौठान तेजी से ग्रामीण औद्योगिक पार्क के रूप में विकसित होने लगे हैं। गौठानों में विविध आयमूलक गतिविधियों के संचालन के साथ-साथ नवाचार के रूप में गोबर से प्राकृतिक पेंट का उत्पादन भी शुरू हो गया है। वर्तमान में गोबर से प्राकृतिक पेंट बनाने के लिए पांच इकाईयां स्थापित हो चुकी है, जिनमें से रायपुर और दुर्ग जिले के गौठानों में दो-दो तथा कांकेर के चारामा स्थित गौठान में एक यूनिट संचालित है। इन पांच क्रियाशील यूनिटों के माध्यम से अब तक 8997 लीटर प्राकृतिक पेंट का उत्पादन किया गया है, जिसमें से 3307 लीटर प्राकृतिक पेंट के विक्रय से 7 लाख 2 हजार 30 रूपए की आय अर्जित हुई है। राज्य के 25 जिलों के 37 चिन्हित गौठानों में गोबर से प्राकृतिक पेंट बनाने की यूनिट स्थापना की कार्यवाही तेजी से पूरी की जा रही है। जनवरी माह के अंत तक यह सभी 37 यूनिटें गोबर से प्राकृतिक पेंट का उत्पादन करने लगेंगी।
गोधन न्याय योजना के हितग्राहियों को 387.32 करोड़ का भुगतान
गोधन न्याय योजना के तहत राज्य में हितग्राहियों को 380 करोड़ 27 लाख रूपए का भुगतान किया जा चुका है। 10 जनवरी को 7.05 करोड़ के भुगतान के बाद यह आंकड़ा 387 करोड़ 32 लाख रूपए हो जाएगा। गोधन न्याय योजना के तहत छत्तीसगढ़ के गौठानों में 2 रूपए किलो की दर से गोबर की खरीदी की जा रही है। गौठानों में 15 दिसम्बर तक 96.44 लाख क्विंटल गोबर खरीदी के एवज में गोबर विक्रेताओं को 192.86 करोड़ रूपए का भुगतान भी किया जा चुका है। 10 जनवरी को गोबर विक्रेताओं को 4.59 करोड़ रूपए का भुगतान होने के बाद यह आंकड़ा बढ़कर 197.85 करोड़ रूपए हो जाएगा। गौठान समितियों एवं महिला स्व-सहायता समूहों को 169.41 करोड़ रूपए का भुगतान किया जा चुका है। गौठान समितियों तथा स्व-सहायता समूह को 10 जनवरी को 2.46 करोड़ रूपए के भुगतान के बाद यह आंकड़ा बढ़कर 171.87 करोड़ रूपए हो जाएगा।
गौठानों में 1 लाख 15 हजार 423 लीटर गोमूत्र की खरीदी22.43 लाख रूपए का बिक चुका ब्रम्हास्त्र और जीवामृत
राज्य के गौठानों में 4 रूपए लीटर की दर से गोमूत्र की खरीदी की जा रही है। गौठानों में अब तक एक लाख 15 हजार 423 लीटर गौमूत्र क्रय किया जा चुका है। इससे गौठानों में महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा 41,627 लीटर कीट नियंत्रक ब्रम्हास्त्र और 20,118 लीटर वृद्धिवर्धक जीवामृत तैयार किया गया है। 39,920 लीटर ब्रम्हास्त्र और जीवामृत की बिक्री से अब तक कुल 22 लाख 43 हजार 665 रूपए की आय हुई है।गोबर से 26.42 लाख कम्पोस्ट खाद का उत्पादन-समूहों को 105 करोड़ 18 लाख की आय
गौठानों में महिला समूहों द्वारा 20.81 लाख क्विंटल से अधिक वर्मी कम्पोस्ट तथा 5.41 लाख क्विंटल से अधिक सुपर कम्पोस्ट एवं 18,924 क्विंटल सुपर कम्पोस्ट प्लस खाद का निर्माण किया जा चुका है, जिसे सोसायटियों के माध्यम से क्रमशः 10 रूपए, 6 रूपए तथा 6.50 रूपए प्रतिकिलो की दर पर विक्रय किया जा रहा है। महिला समूह गोबर से खाद के अलावा गो-कास्ट, दीया, अगरबत्ती, मूर्तियां एवं अन्य सामग्री का निर्माण एवं विक्रय कर लाभ अर्जित कर रही हैं। गौठानों में महिला समूहों द्वारा इसके अलावा सब्जी एवं मशरूम का उत्पादन, मुर्गी, बकरी, मछली पालन एवं पशुपालन के साथ-साथ अन्य आय मूलक विभिन्न गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है, जिससे महिला समूहों को अब तक 105 करोड़ 18 लाख रूपए की आय हो चुकी हैं। राज्य में गौठानों से 11,477 महिला स्व-सहायता समूह सीधे जुड़े हैं, जिनकी सदस्य संख्या 1,31,898 है। गौठानों में क्रय गोबर से विद्युत एवं प्राकृतिक पेंट सहित अन्य सामग्री का भी उत्पादन किया जा रहा है।
गोधन न्याय से 3 लाख 13 हजार से अधिक ग्रामीण पशुपालक लाभान्वित
राज्य में गोधन के संरक्षण और संर्वधन के लिए गांवों में गौठानों का निर्माण तेजी से कराया जा रहा है। गौठानों में पशुधन देख-रेख, उपचार एवं चारे-पानी का निःशुल्क प्रबंध है। राज्य में अब तक 10,894 गांवों में गौठानों के निर्माण की स्वीकृति दी गई है, जिसमें से 9591 गौठान निर्मित एवं शेष गौठान निर्माणाधीन है। गोधन न्याय योजना से 3 लाख 13 हजार 849 ग्रामीण, पशुपालक किसान लाभान्वित हो रहे हैं।
गौठानों के लिए पैरादान का सिलसिला जारी: गौठानों में 5.13 लाख क्विंटल धान पैरा एकत्र
मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल की अपील पर राज्य के किसानों द्वारा अपने गांवों के गौठानों को पैरादान किए जाने का सिलसिला अनवरत रूप से जारी है। राज्य के किसान भाई पैरा को खेतों में जलाने के बजाय उसे गौमाता के चारे के प्रबंध के लिए गौठान समितियों को दे रहे हैं। ऐसे किसान भाई जिनके पास पैरा परिवहन के लिए ट्रेक्टर या अन्य साधन उपलब्ध है, वह स्वयं धान कटाई के बाद पैरा गौठानों में पहुंचाकर इस पुनीत कार्य में सहभागिता निभा रहे हैं। गौठान समितियों द्वारा भी किसानों से दान में मिले पैरा का एकत्रीकरण कराकर गौठानों में लाया जा रहा है। गौठानों में अब तक 10 लाख 32 हजार क्विंटल पैरा गौमाता के चारे के लिए उपलब्ध है। -
द न्यूज़ इंडिया समाचार सेवा
मिलेट फसलों के उत्पादन एवं उपभोग को बढ़ावा देने इसे जन आंदोलन बनाने के लिए पहल करने का किया आग्रह
’राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम’ अन्तर्गत वितरित किये जाने वाले अनाजों में मिलेट को किया जाए शामिल
मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम, पोषण आहार तथा आश्रम-छात्रावासों के छात्रों को दिये जा रहे रियायती अनाज में 20 से 25 प्रतिशत मात्रा मिलेट फसलों की हो
राज्य सरकारों को मिलेट फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य पर संग्रहण करने की अनुमति दे केन्द्र सरकार
अनाज वितरण और पोषण आहार कार्यक्रम के लिए केन्द्र सरकार रियायती दर पर राज्यों को उपलब्ध कराए मिलेट
रायपुर : मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर उनसे मिलेट फसलों के उत्पादन एवं उपभोग को बढ़ावा देने तथा इसे जन आंदोलन बनाने के लिए पहल करने का आग्रह किया है। मुख्यमंत्री ने पत्र में ’राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम’ अन्तर्गत वितरित किये जाने वाले अनाजों, मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम, महिला बाल विकास विभाग द्वारा दिये जा रहे पोषण आहार तथा आश्रम-छात्रावासों के छात्रों को दिये जा रहे रियायती अनाज में 20 से 25 प्रतिशत मात्रा मिलेट फसलों की शामिल करने, केन्द्र सरकार द्वारा राज्य सरकारों को मिलेट फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य पर संग्रहण करने के संबंध में निर्णय लेने और राज्य सरकारों को रियायती दर पर अनाज वितरण तथा पोषण आहार से संबंधित योजनाओं में उपयोग हेतु रियायती दर पर मिलेट प्रदाय करने का निर्णय लेने का आग्रह किया है।
मुख्यमंत्री ने पत्र में लिखा है कि संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा भारत सरकार की पहल पर वर्ष 2023 को ’अन्तर्राष्ट्रीय मिलेट वर्ष’ घोषित किया गया है। एनीमिया एवं कुपोषण के नियन्त्रण में मिलेट फसलों की महत्वपूर्ण भूमिका हो सकती है। दुर्भाग्य से विगत वर्षों में विपणन व्यवस्था के अभाव के कारण देश में मिलेट फसलों के उत्पादन में कमी आयी है।
मुख्यमंत्री श्री बघेल ने छत्तीसगढ़ में मिलेट फसलों को बढ़ावा देने के उपायों की जानकारी देते हुए पत्र में लिखा है कि छत्तीसगढ़ राज्य में मिलेट फसलों के उत्पादन को बढ़ावा देने हेतु ’मिलेट मिशन’ की स्थापना के साथ ही राज्य में पैदा होने वाले कोदो, कुटकी एवं रागी का न्यूनतम समर्थन मूल्य घोषित कर इनके संग्रहण एवं विपणन की पुख्ता व्यवस्था की गयी है। राज्य में इन मिलेट उत्पादकों को 9,000 रूपए प्रति एकड़ ’इनपुट सब्सिडी’ भी दी जा रही है। देश के किसी भी राज्य में मिलेट फसलों के उत्पादकों को इतनी अधिक सहायता नहीं दी जा रही। इन कारणों से विगत 02 वर्षाे में राज्य में मिलेट फसलों के रकबे एवं उत्पादन में दो गुना से अधिक वृद्धि हुई है।
मुख्यमंत्री ने पत्र में लिखा है कि मिलेट फसलों के उत्पादन एवं उपभोग को बढ़ावा देने तथा इसे ’जन आन्दोलन’ बनाये जाने हेतु यह निर्णय लिया जाना उचित होगा कि ’राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम’ अन्तर्गत वितरित किये जाने वाले अनाजों, मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम, महिला बाल विकास विभाग द्वारा दिये जा रहे पोषण आहार तथा आश्रम-छात्रावासों के छात्रों को दिये जा रहे रियायती अनाज में 20 से 25 प्रतिशत मात्रा मिलेट फसलों की हो। केन्द्र सरकार द्वारा यदि राज्य सरकारों को मिलेट फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य पर संग्रहण करने एवं उक्त योजनाओं में उपयोग हेतु रियायती दर पर प्रदाय करने का निर्णय लिया जाये तो इससे मिलेट फसलों के उत्पादन एवं उपभोग में अभूतपूर्व वृद्धि हो सकेगी। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री से संबंधित विभागों को उपरोक्तानुसार निर्णय शीघ्र करने के निर्देश प्रसारित करने का आग्रह किया है। -
द न्यूज़ इंडिया समाचार सेवा
मुख्यमंत्री ने किया राम वन गमन पर्यटन परिपथ का शुभारंभ
रायपुर : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज राजिम महोत्सव स्थल पर भगवान श्री राम की 25 फीट ऊंची भव्य मूर्ति का अनावरण किया। इस मूर्ति को 5 महीने की अल्पावधि में तैयार किया गया है। इस भव्य एवं विशाल मूर्ति को तैयार करने में ओड़िसा के 20 शिल्पकारों ने मुख्य भूमिका निभाई है। इसे हाथ से तराश कर छत्तीसगढ़ के बिल्हा स्टोन से निर्मित किया गया है। मूर्ति को 8 फीट ऊंचे नवनिर्मित चबूतरा में प्रतिस्थापित किया गया है। इसकी भव्यता देखते ही बनती है। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने श्री राजीव लोचन मंदिर पहुंचकर पूजा अर्चना की एवं प्रदेश की खुशहाली एवं समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री बघेल ने राजिम-चौबेबांधा-नवागांव मार्ग चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण और 3.7 किलोमीटर लंबे लक्ष्मण झूला पहुंच मार्ग का भूमिपूजन किया। उल्लेखनीय है कि राम वनगमन पर्यटन परिपथ के अंतर्गत त्रिवेणी संगम राजिम भी शामिल है। राज्य शासन द्वारा राजिम में राम वनगमन पर्यटन परिपथ के विकास के लिए 13 करोड़ 12 लाख रुपये की स्वीकृति दी गयी है। इस अवसर पर गृह मंत्री श्री ताम्रध्वज साहू, छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के अध्यक्ष श्री अटल श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष श्रीमती चित्ररेखा साहू, गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष महंत राम सुंदर दास उपस्थित थे। -
द न्यूज़ इंडिया समाचार सेवा
बिलासपुर जिला प्रशासन की वेबसाइट को कल मिलेगा राष्ट्रीय प्लेटिनम अवार्ड
राष्ट्रपति के हाथों नई दिल्ली में 7 जनवरी को कलेक्टर ग्रहण करेंगे पुरस्कार
मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने जिला प्रशासन की टीम को दी बधाई
रायपुर : मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के निर्देशानुसार प्रशासन को सरल-सुगम बनाने के क्रम में बिलासपुर जिला प्रशासन द्वारा किये गये नवाचार को राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया है। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू 7 जनवरी को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम में जिला प्रशासन बिलासपुर की वेबसाइट को राष्ट्रीय प्लेटिनम अवार्ड से सम्मानित करेंगी। भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा जिला प्रशासन की वेबसाइट को राष्ट्रीय प्लैटिनम अवार्ड के लिए चुना गया है। जिला कलेक्टर श्री सौरभकुमार राष्ट्रपति के हाथों यह पुरस्कार ग्रहण करेंगे। इस अवसर पर एनआईसी बिलासपुर के डीआईओ अरविंद यादव और सहायक डीआईओ मनोज कुमार सिंह भी शामिल होंगे। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने इस उपलब्धि के लिए जिला प्रशासन बिलासपुर की टीम को बधाई दी है।
उल्लेखनीय है कि यह प्रतिष्ठित अवार्ड अलग-अलग श्रेणियों में प्रथम स्थान पर रहने वाली शासकीय वेबसाइटों को प्रदान किया जाता है। बिलासपुर जिला प्रशासन की वेबसाइट को बेस्ट वेब एंड मोबाइल इनिशिएटिव कांम्पलांइथ विथ जीआइजीडब्ल्यू एंड एससीबिलिटी गाइडलाइन की श्रेणी के अंतर्गत यह पुरस्कार दिया गया है। केंद्र सरकार की फ्लैगशिप योजना डिजिटल इंडिया के क्रियान्वयन में बिलासपुर जिले की वेबसाइट ने नवाचार किया है। एनआईसी (राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र) द्वारा तैयार वेबसाइट में केंद्र व राज्य शासन की योजनाओं की जानकारी अपलोड करने के साथ ही दिव्यांगों के लिए भी इसमें विशेष सुविधा दी गई है। दृष्टिबाधित भी साफ्टवेयर के जरिए इस वेबसाइट में दी गई सूचनाओं को सुन सकते हैं। जहां-जहां माउस का कर्सर जाएगा, वहां लिखी जानकारी आवाज में बदल जाएगी। हालांकि अभी यह सुविधा अंग्रेजी में ही है। आने वाले दिनों में हिंदी में भी यह सुविधा दी जाएगी। इसके लिए एनआईसी के तकनीकी विशेषज्ञों ने काम करना शुरू कर दिया है। खास बात ये कि दृष्टिबाधितों के लिए वेबसाइट में विशेष प्रकार का साफ्टवेयर भी अपलोड किया गया है। इसका उपयोग मुफ्त में किया जा सकेगा। इसके लिए अतिरिक्त राशि नहीं देनी पड़ेगी। -
द न्यूज़ इंडिया समाचार सेवा
रायपुर : मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने प्रदेशवासियों को छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध लोक पर्व छेरछेरा की बधाई और शुभकामनाएं दी है। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की है। श्री बघेल ने छेरछेरा पर्व की पूर्व संध्या पर जारी अपने शुभकामना संदेश में कहा है कि महादान और फसल उत्सव के रूप में मनाया जाने वाला छेरछेरा पुन्नी तिहार हमारी सामाजिक समरसता, दानशीलता की और समृद्ध गौरवशाली परम्परा का संवाहक है। इस दिन ‘छेरछेरा, कोठी के धान ल हेरहेरा‘ बोलते हुए गांव के बच्चे, युवा और महिलाएं खलिहानों और घरों में जाकर धान और भेंट स्वरूप प्राप्त पैसे इकट्ठा करते हैं और इकट्ठा किए गए धान और राशि से वर्ष भर के लिए कार्यक्रम बनाते हैं। यह नई फसल के घर आने की खुशी में पौष मास की पूर्णिमा को मनाया जाता है। इसी दिन मां शाकम्भरी जयंती भी मनाई जाती है। पौराणिक मान्यता के अनुसार इस दिन भगवान शंकर ने माता अन्नपूर्णा से भिक्षा मांगी थी, इसलिए लोग धान के साथ साग-भाजी, फल का दान भी करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के किसानों में उदारता के कई आयाम दिखाई देते हैं। यहां उत्पादित फसल को समाज के जरूरतमंद लोगों, कामगारों और पशु-पक्षियों के लिए देने की परम्परा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की अमूल्य धरोहरों और पौराणिक परम्पराओं का संवर्धन और संवहन हो सके, इसलिए छत्तीसगढ़ सरकार ने छेरछेरा तिहार पर सार्वजनिक अवकाश भी घोषित किया है। उन्होंने कहा है कि छेरछेरा तिहार भेदभाव और अहंकार की भावना को समाप्त कर मिल-जुलकर जीना सिखाता है। छत्तीसगढ़ की इस समृद्ध परम्परा और सभ्यता को भावी पीढ़ी तक ले जाना हम सबका दायित्व है। -
द न्यूज़ इंडिया समाचार सेवा
रायपुर : छत्तीसगढ़ शासन के श्रम विभाग के अंतर्गत छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मण्डल में संचालित पंजीकृत निर्माण श्रमिकों हेतु 60 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके निर्माण श्रमिक की मंडल की सदस्यता स्वतः समाप्त हो जाती है, ऐसे निर्माण श्रमिक जो मंडल की सदस्यता से निवृत्त होने वाले है, उन्हें सदस्यता से निवृत्त होने के पूर्व बेहतर जीवन यापन के उद्देशय से ’मुख्यमंत्री श्रमिक सियान सहायता योजना’ अंतर्गत सहायता स्वरूप राशि एकमुश्त राशि 10 हजार रूपए प्रदाय की जा रही थी। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने नव वर्ष के अवसर पर चावड़ी रायपुर में मजदूरों से भेंट कर श्रम विभाग के अंतर्गत संचालित ’मुख्यमंत्री श्रमिक सियान सहायता योजना’ सहायता राशि 10 हजार रूपए से बढ़ाकर 20 हजार रूपए एकमुश्त राशि प्रदाय करने की घोषणा की गई थी। जिसके फलस्वरूप श्रम विभाग द्वारा मुख्यमंत्री श्रमिक सियान सहायता योजना की राशि में वृद्धि करने की अधिसूचना जारी कर दी गई है।योजना की पात्रता के तहत निर्माण श्रमिक के रूप में कम से कम विगत 03 वर्ष से मंडल में पंजीकृत हो और निर्माण श्रमिक की न्यूनतम आयु 59 वर्ष एवं अधिकतम 60 वर्ष होना आवश्यक है। श्रम विभाग की योजनाओं का फायदा लेने के लिए पात्र श्रमिक आवेदन श्रम विभागीय पोर्टल सीजीलेबरडाटएनआईसीडाटइन (cglabour.nic.in) पर ऑनलाइन प्रारंभ है। जिसमें श्रमिक स्वयं ऑनलाईन के माध्यम से श्रमेव जयते मोबाईल एप संबंधित जिला के श्रम कार्यालय या किसी भी लोक सेवा केंद्र के माध्यम से आवेदन कर सकता है। -
द न्यूज़ इंडिया समाचार सेवा
मिलेट्स से बने लंच में मुख्यमंत्री बोले : रागी का हलवा लाजवाब
जल्द ही मंत्रालय और संभागीय सी-मार्ट में खुलेंगे मिलेट्स कैफे : मुख्यमंत्री
रागी के पकोड़े , कोदो के भजिये और कुटकी के फरे का जायेकेदार स्वाद लिया विधायकों ने
बाजरे की कढ़ी, ज्वार की रोटी और कोदो की ड्राईफ्रूट खीर से सजी थाली
विधानसभा में विधायकों के लिए हुआ मिलेट्स लंच का आयोजन
रायपुर : मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के आमंत्रण पर छत्तीसगढ़ विधानसभा के सदस्यों ने बुधवार को मिलेट्स से बने व्यंजनों का लुत्फ उठाया । इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने कहा कि उन्होंने सभी व्यंजन का लुत्फ उठाया । उन्होंने कहा कि मुझे रागी का हलवा बेहद पसंद आया । साल 2023 मिलेट वर्ष के रूप में घोषित हुआ है । पिछले वर्ष हमने 52 हजार क्विंटल कोदो ,कुटकी, रागी की खरीदी की है । छत्तीसगढ़ एकमात्र राज्य है जो समर्थन मूल्य पर कोदो कुटकी रागी की खरीदी कर रहा है । इससे किसानों को लाभ हुआ है साथ ही उत्पादन भी बढ़ा है । मिलेट्स का उपयोग सभी को ज्यादा से ज्यादा करना चाहिए क्योंकि इसमें बहुत से पौष्टिक तत्व होते हैं। हाल ही में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ के मिलेट्स मिशन की प्रशंसा की है और उन्होंने रायपुर में मिलेट्स कैसे खोलने का आग्रह किया है, उनके आग्रह को देखते हुए हम मंत्रालय में मिलेट्स कैफे खोल रहे हैं साथ ही संभागीय सीमार्ट केंद्रों में भी मिलेट्स कैफे शुरू करेंगे ।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ विधानसभा के समस्त सदस्यों हेतु मिलेट से बने व्यंजनों को प्रदर्शित करने तथा इसको लोकप्रिय बनाने के उद्देश्य से दोपहर भोज का आयोजन किया गया। इसी क्रम में बुधवार को दोपहर के भोजन में कोदो, कुटकी एवं रागी के विभिन्न व्यंजनों के भोजन तैयार किये गये जिसमें मिलेट से तैयार किये गये छत्तीसगढ़ी व्यंजन भी शामिल रहे।
रागी, कोदो, कुटकी के लाजवाब स्वाद से भरा मेन्यु-
मिलेट्स लंच में विधायकों के लिये मिलेट्स से बने हर तरह के व्यंजन उपलब्ध रहे । खास बात है कि सभी व्यंजनों में छत्तीसगढ़ी का तड़का था । मेन्यु में रागी का सूप , स्टार्टर में रागी के पकोड़े, कोदो के भजिये, बाजरा और गुड़ के पुये, कुटकी के छत्तीसगढ़ी फरे, रागी, कुटकी के चीले, मेन कोर्स में बाजरे की छत्तीसगढ़ी कढ़ी, लाल भाजी, जिमी कांदा, कोदो का वेज पुलाव, ज्वार, बाजरा , रागी के रोटी और पराठे का सभी ने स्वाद लिया। इसके साथ ही डेजर्ट में रागी, कुटकी का कप केक, रागी का हलवा, और कोदो की ड्राई फ्रूट्स खीर का लुत्फ उठाया ।
प्रधानमंत्री ने की सराहना- छत्तीसगढ़ में मिलेट्स मिशन की प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने भी हाल ही में सराहना की है । मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने दिल्ली प्रवास के दौरान प्रधानमंत्री श्री मोदी को राज्य में संचालित मिलेट्स मिशन के बारे में जानकारी दी थी । मुलाकात के दौरान श्री मोदी ने रायपुर में मिलेट्स कैफे खोलने की सलाह भी दी । उल्लेखनीय है कि राज्य शासन द्वारा 01 दिसंबर 2021 से मिलेट मिशन प्रारंभ किया गया है, जिसका प्रमुख उद्देश्य प्रदेश में मिलेट (कोदो, कुटकी, रागी, ज्वार इत्यादि) की खेती को बढ़ावा देना, मिलेट के प्रसंस्करण को बढ़ावा देना तथा दैनिक आहार में मिलेट्स के उपयोग को प्रोत्साहित कर कुपोषण दूर करना है।
कांकेर में सबसे बड़ी प्रोसेसिंग यूनिट- इस हेतु छ.ग राज्य लघु वनोपज संघ के माध्यम से प्रदेश में कोदो, कुटकी एवं रागी का न्यूनतम क्रय मूल्य निर्धारित करते हुए उपार्जन किया जा रहा है। वर्ष 2021-22 में कुल राशि रू. 16.03 करोड़ के 52,728 क्विंटल का कोदो, कुटकी एवं रागी का उपार्जन किया गया। प्रदेश में मिलेट के प्रसंस्करण को बढ़ावा देने के लिए स्थानीय स्तर पर प्रसंस्करण केन्द्र स्थापित किये गये हैं तथा कांकेर जिले में अवनी आयुर्वेदा द्वारा 5,000 टन क्षमता के मिलेट प्रसंस्करण केन्द्र निजी क्षेत्र में स्थापित किया गया है। जो कि एशिया की सबसे बड़ी मिलेट्स प्रसंस्करण इकाई है।
कुपोषण दूर करने मिड डे मील में शामिल मिलेट्स- छत्तीसगढ़ में मिलेट्स को मिड डे मील में भी शामिल किया गया है जिससे कुपोषण को पूरी तरह समाप्त किया जा सके । स्कूलों में बच्चों को मिड डे मील में मिलेट्स से बने व्यंजन दिये जा रहे हैं जिनमें मिलेट्स से बनी कुकीज,लड्डू और सोया चिक्की शामिल हैं ।
छत्तीसगढ़ देश का सबसे पहला समर्थन मूल्य पर खरीदी वाला राज्य- उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ देश में पहला ऐसा राज्य है जो समर्थन मूल्य पर मिलेट्स की खरीदी कर रहा है। राज्य के 14 जिलों में संचालित इस मिशन के अंतर्गत कोदो-कुटकी-रागी का समर्थन मूल्य तय करने के साथ-साथ छत्तीसगढ़ लघु वनोपज सहकारी संघ के अंतर्गत महिला स्व सहायता समूहों के माध्यम से संग्रहण की व्यवस्था भी की गई। राजीव गांधी किसान न्याय योजना के दायरे में इन फसलों को शामिल करके किसानों को इनपुट सब्सिडी भी दी जा रही है। उत्पादकता में बढ़ोतरी के लिए किसानों को विशेषज्ञों से परमार्श भी दिलाया जा रहा है। इसके लिए इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मिलेट रिसर्च, हैदराबाद (आईआईएमआर) और 14 जिला कलेक्टरों के बीच एमओयू किया गया है। आआईएमआर ने कोदो, कुटकी, रागी के अच्छी क्वालिटी के बीज उपलब्ध कराने के साथ-साथ सीड बैंक की स्थापना में मदद करने की भी जिम्मेदारी ली है। साथ ही वह किसानों को प्रशिक्षण भी दे रहा है।
-
द न्यूज़ इंडिया समाचार सेवारायपुर : मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने भारत की पहली महिला शिक्षिका एवं समाज सुधारक स्वर्गीय श्रीमती सावित्री बाई फुले की जयंती पर उन्हें नमन किया है। श्री बघेल ने कहा कि नारी मुक्ति की प्रणेता रही श्रीमती सावित्री बाई फुले ने रूढ़ि और परम्पराओं की बेड़ियों को तोड़कर पढ़ने और आगे बढ़ने की राह दिखाई। उन्होंने महिला शिक्षा के लिए लोगों को न सिर्फ प्रेरित किया बल्कि कई महिलाओं को शिक्षा भी दी। छुआछूत विरोध, स्त्री अधिकारों की लड़ाई एवं शिक्षा के क्षेत्र में श्रीमती फुले का योगदान अविस्मरणीय है। स्त्री अधिकारों एवं शिक्षा के क्षेत्र में किये गए उनके उल्लेखनीय कार्य हमेशा याद किए जाएंगे।
-
द न्यूज़ इंडिया समाचार सेवा
रायपुर : विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत की अध्यक्षता में आज यहां विधानसभा के समिति कक्ष में कार्यमंत्रणा समिति की बैठक आयोजित की गई। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल, नेताप्रतिपक्ष श्री नारायण चंदेल और संसदीय कार्य मंत्री श्री रविन्द्र चौबे सहित समिति के सदस्य बैठक में उपस्थित हैं। -
द न्यूज़ इंडिया समाचार सेवागुरू बालक दास सेवा समिति के नाम भूमि आवंटन की प्रक्रिया जल्द पूरा करने किया आश्वस्त
नवागढ़ में जैतखाम और भवन निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये देने की घोषणा
राज्य स्तरीय ओपन पंथी नृत्य प्रतियोगिता के विजेताओं को किया पुरस्कृत
रायपुर : मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने कहा कि गुरु घासीदास बाबा द्वारा दिए गये महान संदेश मनखे-मनखे एक समान की भावना के साथ छत्तीसगढ़ राज्य विकास, सद्भावना, शांति और प्रेम के मार्ग पर चलकर विकास के नये आयाम गढ़ रहा है। बाबा के दिखाये मार्ग पर चलकर मानवता का कल्याण किया जा रहा है। हम सभी ईश्वर के संतान है, सत्य ही ईश्वर है और ईश्वर ही सत्य है। सत्य से बाहर कुछ भी नहीं है।
मुख्यमंत्री श्री बघेल आज बेमेतरा जिले अंतर्गत विकासखण्ड मुख्यालय नवागढ़ में आयोजित राज्य स्तरीय गुरु घासीदास बाबा लोक महोत्सव एवं जयंती समरोह 2022 के समापन के अवसर पर विशाल जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। संसदीय सचिव एवं विधायक नवागढ़ गुरुदायाल सिंह बंजारे ने समाज की ओर से मुख्यमंत्री को साफा पहनाकर और प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर बाबा गुरू घासीदास की पूजा-आरती कर राज्य की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने इस अवसर पर सतनाम समाज के आग्रह पर गुरू बालक दास सेवा समिति के नाम पर शासकीय जमीन विधि प्रक्रिया के तहत देने के लिए कलेक्टर को निर्देशित किया। साथ ही नवागढ़ में जैतखाम और भवन निर्माण के लिए एक करोड़ रूपए देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा गुरू घासीदास के संदेश और उसके मार्ग में चलकर सतनामी समाज विकास की दिशा में अग्रसर है। उन्होंने कहा कि सतनामी समाज बाबा के संदेश से ना केवल शिक्षित हुआ है अपितु जागरूक और अग्रणी होकर अपने समाज के साथ ही छत्तीसगढ़ के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा हैं। उन्होंने कहा कि सतनामी समाज के युवा, बाबा के आशीर्वाद और संदेश से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ रहे हैं और छत्तीसगढ़ के विकास में अपना योगदान दे रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा गुरु घासीदास ने जो संदेश दिया है वह एक व्यक्ति, एक समाज, एक प्रदेश व एक देश के लिए नहीं है, बल्कि पूरी दुनिया के लिए आज भी प्रासंगिक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा गुरु घासीदास द्वारा दिए संदेश के एक शब्द और एक लाइन को भी हम अपने जीवन में आत्मसात कर लें तो अपना पूरा जीवन सार्थक हो जाएगा। उन्होंने कहा कि बाबा गुरु घासीदास ने अपना संदेश बहुत ही सीधे और सरल तरीके से समाज को दिए हैं। उन्होंने जो संदेश दिया है, वह पूरे मानव समाज के लिए अविस्मरणीय रहेगा। गुरू घासीदास ने कहा है कि सतनाम ही सार है, इसे प्रत्येक प्राणी के घट-घट में सत्य के प्रति तत्पर रहने को प्रेरित करता हैं। इसी तरह गुरू घासीदास का संदेश सत्य ही मानव का आभूषण है, हमें सत्य मार्ग और सत्य गुणों को अपना कर सदैव जीवन में इसे आत्मसात करने को प्रेरित करता हैं।
मुख्यमत्री ने राज्य स्तरीय ओपन पंथी नृत्य प्रतियोगिता के विजेताओं को किया पुरस्कृत
मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने इस अवसर पर शासकीय हाईस्कूल मैदान नवागढ़ में चल रहे राज्य स्तरीय ओपन पंथी नृत्य विजेताओ को राशि और ट्रॉफी प्रदान किया। प्रतियोगिता में प्रथम आने वाले सतसंग बालिका पंथी पार्टी निकंुम दुर्ग को एक लाख 51 हजार रुपए और ट्रॉफी दिया गया। इसी तरह दूसरे स्थान पर आदर्श पंथी पार्टी देवरी मुंगेली को एक लाख दस हजार रुपए एवं ट्रॉफी और तीसरे स्थान पर रहे सत्य के प्रचार पंथी नवयुवक पिटौरा (नंदनी अहिवारा) को 75 हजार रुपए की राशि प्रदान की गई। -
द न्यूज़ इंडिया समाचार सेवा
प्राथमिकता, अन्त्योदय, एकल निराश्रित, निःशक्जन श्रेणी के राशनकार्डधारियों को अप्रैल 2023 से मिलेगा फोर्टिफाइड चावल
राज्य सरकार ने पोषण सुरक्षा को बढ़ावा देने कोण्डागांव जिले से शुरू की थी फोर्टिफाइड चावल वितरण अभियान
रायपुर : छत्तीसगढ़ में महिलाओं और बच्चों में कुपोषण और एनीमिया की स्थिति को दूर करने के मद्देनजर मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल की अध्यक्षता में हुई आज राज्य मंत्री परिषद् की बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। अब प्रदेश के सभी जिलों में फोर्टिफाइड चावल का वितरण होगा। फोर्टिफाइड चावल उचित मूल्य दुकानों के माध्यम से राशनकार्डधारियों को अप्रैल 2023 से वितरण किया जाएगा। प्राथमिकता, अन्त्योदय, एकल निराश्रित, निःशक्जन, श्रेणी के राशनकार्डधारियों को वर्तमान में दिए जा रहे सामान्य चावल के स्थान पर फोर्टिफाइड चावल मिलेगा।गौरतलब है कि सार्वभौम पीडीएस के तहत खाद्यान्न सुरक्षा के साथ-साथ पोषण सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा एनीमिया एवं अन्य पोषक तत्वों की कमी को दूर करने नवम्बर 2020 से कोण्डागांव जिले में फोर्टिफाइड चावल वितरण प्रारंभ किया गया है। वर्तमान में मध्यान्ह भोजन योजना तथा पूरक पोषण आहार योजना में प्रदेश के सभी जिलों में फोर्टिफाइड चावल का वितरण किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत राज्य के 10 आकांक्षी जिले (कोरबा, राजनांदगांव, महासमुंद, कांकेर, नारायणपुर, दंतेवाडा, बीजोपुर, बस्तर, कोण्डागांव, सुकमा) तथा 02 हाई बर्डन जिले (कबीरधाम एवं रायगढ़) में फोटिफाइड चावल का भी वितरण किया जा रहा है।आयरन और विटामिन से भरपूर है फोर्टिफाइड चावलफोर्टिफाइड चावल पोषक एवं स्वास्थ्यवर्धक है। यह आयरन, फोलिक एसिड, विटामिन बी-12 से युक्त होता है। इसमें मौजूद आयरन, फोलिक एसिड, विटामिन बी-12 जैसे पोषक तत्व बड़ो एवं बच्चों में खून की कमी नहीं होने देता है तथा खून निर्माण एवं तंत्रिका तंत्र के सही ढंग से कार्य में सहायक होता है। फोर्टिफाइड चावल के फायदे के संबंध में जिले के राशनकार्डधारियों को आंगनबाडी कार्यकर्ता, मितानीन, एवं उचित मूल्य दुकानों में बैनर, पोस्टर आदि के माध्यम से फोर्टिफाइड चावल को पकाने के तरीके एवं उपयोग के संबंध में समय-समय पर जागरूक किया जा रहा है।