बलरामपुर : कलेक्टर ने सखी वन स्टाॅप सेन्टर के अधिकारियों-कर्मचारियों की बैठक ली
हिंसा से पीड़ित महिलाओं का तत्काल सहयोग करता है सखी वन स्टाॅप सेन्टर
बलरामपुर : हिंसा से पीड़ित महिलाओं को सहायता तथा उनकी काउंसिलिंग के लिए जिले में सखी वन स्टाॅप सेन्टर की स्थापना की गई है। सखी वन स्टाॅप सेन्टर के माध्यम से महिलाओं को विधिक सहायता के साथ ही अल्पकालीन आश्रय की व्यवस्था दी जाती है।

कलेक्टर श्री श्याम धावडे के अध्यक्षता में सखी वन स्टाॅप सेन्टर के विभिन्न गतिविधियों तथा दी जाने वाली सेवाओं की समीक्षा के लिए बैठक आयोजित की गई।

उन्होंने सखी वन स्टाॅफ सेन्टर के केन्द्र प्रशासक से किसी घटना की सूचना प्राप्त होने पर उनके द्वारा की जाने वाली कार्यवाही तथा महिलाओं को प्रदान की जाने वाली सहायता की सूक्ष्म जानकारी ली। केन्द्र प्रशासक मंजू जायसवाल ने कलेक्टर को सखी वन सेंटर की कार्यप्रणाली, प्राप्त प्रकरण तथा उनका निराकरण के संबंध में जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि जिले में 10 मार्च 2017 से सखी वन स्टॉप सेंटर कार्यरत है, जो 24 घंटे 7 दिन खुला रहता है। सेन्टर में हिंसा से पीड़ित महिलाओं की सहायता की जाती है तथा काउंसिलिंग के माध्यम से परिवार को जोड़ने का कार्य करता है।
मार्च 2017 से लेकर 30 नवंबर 2020 की स्थिति में कुल 562 केस सखी वन स्टॉप सेंटर में आए हैं जिनमें से 523 का निराकरण किया गया है तथा 152 लोगों को अल्पकालीन आश्रय की सुविधा प्रदान की गई है। महिलाएं हेल्पलाईन नम्बर 181 में सम्पर्क कर सखी वन स्टॉप सेंटर की सहायता प्राप्त कर सकती हैं।
महिलाओं को निःशुल्क पाॅच दिन का अल्पकालीन आश्रय खाना-पीना तथा स्वास्थ्य सुविधा मुहैया करवाई जाती है। मंजू ने आगे बताया कि परिवार विच्छेद न हो इसलिए काउंसलर के माध्यम से काउंसिलिंग की व्यवस्था कर परिवार को जोड़ने का कार्य किया जाता है।
सेन्टर में केस वर्कर, काउंसलर, महिला पुलिस कर्मी की उपलब्धता रहती है। पुलिस अधीक्षक श्री रामकृष्ण साहू ने हेल्पलाइन नंबर 181 में कितने लोगों ने इस वर्ष सम्पर्क किया इस बारे में जानकारी लेते हुए कहा कि तत्काल प्रार्थी को सहयोग मिलना चाहिए ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित की जाये। यदि इस आशय से पुलिस सहायता की आवश्यकता होती है तो सम्पर्क कर प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि सेन्टर में महिला पुलिस कर्मी की हमेशा उपलब्धता है और महिला कर्मियों द्वारा प्रार्थी को हर संभव मदद प्रदान किया जाये।
Leave A Comment