ग्राम सरपंच कर रहे हैं कोरोना एवं स्वच्छता जन जागरूकता अभियान का नेतृत्व
महासमुन्द 17 मार्च : कलेक्टर श्री सुनील कुमार जैन के निर्देश एवं जिला पँचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डाॅ. रवि मित्तल के मार्गदर्शन में जिले में 16 मार्च से 31 मार्च 2020 तक कोरोना वायरस और स्वच्छता से संबंधित जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के लिए कलेक्टर श्री जैन द्वारा महिला एवं बाल विकास विभाग को नोडल विभाग एवं जिला महिला बाल विकास अधिकारी श्री सुधाकर बोदले को जिला स्तरीय नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा विभाग इसमे सहायक विभाग हैं। जागरूकता अभियान अंतर्गत ग्राम-वार्ड स्तर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर जाकर लोगों को कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव हेतु जागरूक किया जा रहा है।
विभाग के पर्यवेक्षक एवं परियोजना अधिकारियों द्वारा अपने कार्यक्षेत्र अंतर्गत ग्राम सरपंच सहित अन्य जनप्रतिनिधियों, महतारी समिति के सदस्यों, ग्रामीण स्वयं सेवकों की लघु समूह (8 से 10 लोगों के समूह) की बैठक लेकर इस अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। अभियान के दूसरे दिन 17 मार्च को जिला स्तरीय नोडल अधिकारी श्री बोदले द्वारा महासमुन्द ब्लॉक के 3 पंचायतों झालखम्हरिया, कोसरंगी और खट्टी में भ्रमण किया गया। खट्टी के सरपंच श्री दूजराम साहू और झालखम्हरिया के सरपंच श्री यशवंत साहू इस अभियान में शामिल हुए। उन्होंने अगले 14 दिन अपने पंचायत में डोर टू डोर अभियान चलाने हेतु सभी पंचों और ग्रामीण जनों को इस अभियान में जोड़ने की बात कही। उनके द्वारा जिला स्तरीय नोडल अधिकारी उपस्थिति में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं , जन प्रतिनिधियों, आंगनबाड़ी की महतारी समिति के सदस्यों के लघु समूह की बैठक भी ली गई। ग्राम कोसरंगी के लघु समूह बैठक में स्वास्थ्य विभाग की ए.एन.एम. श्रीमती आर के ध्रुव भी उपस्थित थी। उनके द्वारा हाथ धुलाई की विधि का प्रदर्शन भी किया गया।
हाथ धुलाई के इस अभियान में महासमुन्द के निदान एन.जी.ओ. संचालक श्री सुरेश शुक्ला भी जुड़े हैं। उनके द्वारा जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों में इस अभियान हेतु एक-एक बॉटल हैंडवाश निःशुल्क देने हेतु सहमति दी गई है। जन जागरूकता हेतु जिला प्रशासन के इस पहल में जनप्रतिनिधियों, स्वयं सेवी संस्थाओं, स्वयं सेवकों के स्वतः स्फूर्त होकर जुड़ने से यह अभियान जिले में तीव्र गति से प्रसारित हो रहा है।
Leave A Comment