ब्रेकिंग न्यूज़

महासमुंद : पूरा महासमुंद जिला दूसरा डोज लगाकर फुल वैक्सीनेट हुआ

 द न्यूज़ इंडिया समाचार सेवा 

 
बापू की प्रतिमा के समक्ष रोशनी कर किया गया खुशी का इजहार

कलेक्टर ने अधिकारी-कर्मचारियों और जनता को दी बधाई

मोमबत्तियों से 100 प्रतिशत वैक्सीनेट डिस्ट्रिक्ट महासमुंद लिखा गया, जलने पर अलग ही नजारा था

महासमुंद : नए साल के आगमन के एक सप्ताह पहले ही पूरा महासमुंद जिला कोविड-19 की दूसरी डोज लगाकर फुल वैक्सीनेट हो गया है। जिले के नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्र के सभी पात्र हितग्राहियों को पहली और दूसरी डोज लगायी जा चुकी है। सभी के प्रयासों और  कामयाबी की खुशी आज कलेक्ट्रेट के मोर बापू प्रतिमा (स्टैच्यू) के समक्ष मनायी गई। इस मौके पर वैक्सीनेट करने जुटे अधिकारी-कर्मचारी खुशी में शामिल हुए। अधिकारी-कर्मचारियों ने बापू की प्रतिमा के सामने मोमबत्ती (कैंडल) और अनार जलाकर (रोशनी) में खुशी और कामयाबी का जश्न मनाया। इस मौके पर कलेक्टर श्री डोमन सिंह ने केक काटकर अधिकारी-कर्मचारियों को खिलाया।
 
कलेक्टर ने कहा कि बेहतर रणनीति स्वास्थ्य कर्मियों के साथ आम जनता और जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी से यह पल नए साल से पहले आया है। मोमबत्तियों से 100 प्रतिशत वैक्सीनेट डिस्ट्रिक्ट महासमुंद लिखा गया था। जिन्हें जलाया गया तो अद्भुत ही नजारा था। इसके साथ गोलाई में अनूठे अंदाज में अनार जलाकर पूरे परिसर को रोशनी से भर दिया गया। अधिकारी-कर्मचारी की खुशी देखते ही बन रही थी। सब एक दूसरे को बधाई दे रहे थे।

कलेक्टर श्री डोमन सिंह ने पूरे महासमुंद जिले को फुल वैक्सीनेट करने के लिए सभी अधिकारी-कर्मचारियों, पंच, सरपंच, वार्ड पार्षद, जनप्रतिनिधियों और जनता को बहुत-बहुत बधाई दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ड्यूटी समझकर पात्र जनता ने टीकाकरण कराया है। इसके लिए भी वे बधाई के पात्र है। उन्होंने कहा कि अभी भी कोविड से सावधानी न बरतने की जरूरत है। कोविड गाईड लाईन का पालन करते रहें। इस उपलब्धि और कामयाबी पर जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एस. आलोक, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एन.के. मंडपे, एसडीएम श्री भागवत जायसवाल, टीकाकरण अधिकारी डॉ. अरविन्द गुप्ता, डॉ. मुकुन्द राव घोड़ेसवार, अपर कलेक्टर श्री ओ.पी. कोसरिया, डिप्टी कलेक्टर डॉ. नेहा कपूर, नेहा भेड़िया, नगर पालिका सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एन.के. मंडपे ने जिले में दूसरी डोज 7 लाख 29 हजार से ज्यादा लोगों को लगाई गई है। इससे पहले पहली डोज भी सभी पात्र हितग्राहियों को लगाई जा चुकी है। उन्होंने इसके लिए काम करने वाले स्वास्थ्य कर्मियों, मितानिनों, ऑगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और नगर पालिका के प्रति आभार प्रकट किया।

 मालूम हो कि सबसे पहले सरायपाली विकासखण्ड के ग्राम अर्जुण्डा शत प्रतिशत पहली डोज कराने वाला जिले का पहला गांव बना था। उसके बाद महासमुंद जिले की पहली ग्राम पंचायत जोगीडीपा में शत प्रतिशत पहली डोज लगाने वाली ग्राम पंचायत बनी। जिले के दो शहरी क्षेत्र सरायपाली और पिथौरा में सौ फीसदी टीकाकरण हुआ है। पात्र लोगों को पहली और दूसरी डोज दी गई। इसी के साथ जिले में कोरोना रोधी टीकाकरण के लिए जागरूकता का असर दिखने लगा था।
 
स्वास्थ्य विभाग द्वारा एक दिन पहले टीकाकरण लगाने वाले केंद्रों का विभिन्न प्रचार माध्यमों गीत-संगीत समाचार पत्रों आदि के जरिए प्रचार किया जाता रहा। गांव में एक दिन पहले मुनादी कराई जाती थी। जिससे लोगों को टीकाकरण की जानकारी मिल जाती थी। यही वजह है कि टीकाकरण में प्रगति आने लगी। अधिकारी-कर्मचारियों के साथ ही जनप्रतिनिधियों के द्वारा लोगों को टीकाकरण के लिए जागरूक किया गया।
 

Related Post

Leave A Comment

छत्तीसगढ़

Facebook