किसानों की मेहनत को मिल रहा सम्मान, धान खरीदी से किसानों के चेहरे पर छाई खुशी
द न्यूज़ इंडिया समाचार सेवा
सूरजपुर : छत्तीसगढ़ शासन के निर्णय ने राज्य के किसानों के जीवन में नई उम्मीदें जगाई है। 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान की समर्थन मूल्य पर एवं 21 क्वि. प्रति एकड़ खरीदी ने किसानों के चेहरों पर मुस्कान लौटा दी है। यह निर्णय न केवल किसानों की मेहनत का सम्मान करता है बल्कि उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाने का भी एक प्रयास है। धान खरीदी केंद्र में धान बेचने आए किसान बदु राम ग्राम जयनगर विकासखंड सूरजपुर ने बताया कि उनका 2.60 हे. खेत है जिसमें उन्होंने धान की फसल 1.34 हे. में ली है। उन्होंने 03 दिसंबर को धान खरीदी केन्द्र जयनगर में अपने पहले टोकन से 44 क्विंटल धान बेचा है। शेष बचा हुआ 25 क्विंटल धान अपने दूसरे टोकन में बेचेंगे।
किसान श्री बदुराम ने बताया कि समर्थन मूल्य पर धान बेचने की प्रक्रिया सुगम और पारदर्शी है। उन्होंने कहा कि केंद्र में अच्छी व्यवस्था है और अधिकारियों का सहयोग देखकर खुशी हुई। उनका कहना है कि उनके कुछ साथी किसानों ने पहले दिन धान बेचा उसका भुगतान दो दिन के भीतर हो गया। उन्होंने कहा कि यह पहल किसानों के लिए बड़ी राहत है और हमें समय पर हमारा भुगतान मिल रहा है। उन्होंने 10 हजार रूपए तक के त्वरित भुगतान के लिए प्रारंभ की गई माइक्रो एटीएम की सुविधा को भी किसान हितकारी बताया और शासन का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि धान बिक्रय की राशि का उपयोग अपने घर परिवार के भरण-पोषण, खेती किसानी में करना चाहते हैं साथ ही वे बचत राशि का उपयोग करके आने वाले समय में सोलर लगवाने चाहते है। उन्होंने शासन की इस योजना के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय को धन्यवाद व्यक्त किया।
Leave A Comment