21 उपार्जन केन्द्रों में 15 नवम्बर से होंगी समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रारंभ
द न्यूज़ इंडिया समाचार सेवा
बाहरी धान की खपत रोकने जिला प्रशासन सख्त, सीमावर्ती क्षेत्रों में चेकपोस्ट दल होंगे तैनात
डुमरिया, टेंगनी, नगर, सुरमी चौक और गोईनी में 24 घंटे निगरानी
संवेदनशील खरीदी केन्द्रों में अधिकारी होंगे संयुक्त प्रभार में
कोरिया : 15 नवम्बर से कोरिया जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रारंभ होंगी।
पांच स्थानों पर चेक पोस्ट
धान खरीदी के दौरान बाहरी जिलों एवं राज्यों से अवैध धान की आवक को रोकने जिला प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए सीमावर्ती मार्गों पर चेकपोस्ट दल तैनात कर दिए हैं। यह आशंका जताई गई है कि धान खरीदी केन्द्रों में अवांछित व्यक्तियों द्वारा अन्य क्षेत्रों से धान लाकर खपाने का प्रयास हो सकता है। इस रोकथाम के लिए डुमरिया, टेंगनी, नगर, सुरमी चौक एवं गोईनी में 24 घंटे तीन पालियों में निगरानी की व्यवस्था की गई है। इन चेकपोस्ट का नेतृत्व अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बैकुण्ठपुर श्री उमेश कुमार पटेल तथा गोईनी में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सोनहत श्री अंशुल वर्मा करेंगे। दल में वन विभाग, पुलिस, नगर सैनिक एवं कोटवारों को शामिल कर संयुक्त बल तैयार किया गया है। सभी दलों को बाहरी धान के परिवहन पर रोक लगाते हुए आवश्यक विधिक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
आहरण एवं संवितरण अधिकारी नियुक्त
इसी के साथ, जिले के संवेदनशील धान खरीदी केन्द्रों में समिति प्रबंधक के साथ संयुक्त रूप से वित्तीय प्रशासकीय प्रबंधन हेतु अधिकारियों को आहरण एवं संवितरण अधिकारी नियुक्त किया गया है। जामपारा, झरनापारा, पटना, गिरजापुर, सरभोंका एवं बैमा सहित अन्य केंद्रों पर संबंधित अधिकारी समिति स्तर पर व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे।
इसके अतिरिक्त जिले के 21 धान उपार्जन केन्द्रों में सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं के निरीक्षण, मॉनिटरिंग एवं रिपोर्टिंग के लिए विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
15 नवम्बर से होंगी समर्थन मूल्य पर धान खरीदी, जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष
शासन के निर्देशानुसार धान खरीदी अवधि 15 नवम्बर 2025 से 31 जनवरी 2026 तक निर्धारित है। इसके सुचारू संचालन के लिए जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया गया है। अधीक्षक भू-अभिलेख श्री भुवनेश्वर प्रसाद टोप्पो को नियंत्रण कक्ष प्रभारी नियुक्त किया गया है, जो धान खरीदी से संबंधित शिकायतों एवं समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करेंगे। नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नंबर 07836-232301 जारी किया गया है।
22 हजार 126 किसानों से एक लाख 37 हजार मीट्रिक टन धान खरीदी का लक्ष्य
जिले में इस खरीफ वर्ष में 42 हजार 112 हेक्टेयर में धान के फसल लगाए हैं। खरीफ वर्ष 2025-26 में पंजीकृत किसानों की संख्या 22 हजार 126 है, इन किसानों से 1 लाख 37 हजार 468 मीट्रिक टन धान खरीदी का लक्ष्य रखा गया है।
विगत वर्ष 1 लाख 28 हजार 478 मीट्रिक टन धान की खरीदी
विगत वर्ष 2024-25 में 23 हजार 117 कृषकों ने धान खरीदी के लिए पंजीकरण कराया था और 1 लाख 37 हजार 195 मीट्रिक टन धान के लक्ष्य के विरुद्ध 1 लाख 28 हजार 478 मीट्रिक टन धान क्रय किया गया था।
अब-तक 49 करोड़ रूपए का कृषि ऋण वितरण
इस खरीफ वर्ष 2025-26 में 64 करोड़ रूपए कृषि ऋण देने का लक्ष्य है, जिसके विरुद्ध अब-तक 15 हजार 679 किसानों को 49 करोड़, 5 लाख रूपए का कृषि ऋण वितरण किया गया है। जबकि विगत वर्ष 57 करोड़ कृषि ऋण के विरुद्ध 17 हजार 101 किसानों को 54 करोड़ 82 लाख का कृषि ऋण वितरण किया गया था।
धान खरीदी केन्द्रों पर आवश्यक व्यवस्था
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बाहरी धान की खपत, अनियमितताओं और धोखाधड़ी पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सभी नोडल अधिकारी, समिति प्रबन्धको तथा कृषि, सहकारिता, मार्कफेड व खाद्य विभाग अधिकारियों को धान खरीदी केन्द्रों पर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

.jpg)
.jpg)
.jpg)

.jpg)
.jpg)





.jpg)
.jpg)
.jpg)


.jpg)

Leave A Comment