बलरामपुर : नरवा का संरक्षण, संवर्धन एवं समावेशी उपयोग हमारी प्राथमिकता: कलेक्टर
कलेक्टर एवं सीईओ ने नरवा संवर्धन हेतु चिन्हित क्षेत्रों का किया अवलोकन
बलरामपुर 06 मार्च : राज्य शासन की महत्वाकांक्षी नरवा, गरूवा, घुरूवा एवं बाड़ी योजनान्तर्गत जल संसाधनों का समुचित उपयोग एवं संरक्षण करना भी शामिल है। जिले में नरवा संवर्धन की अपार संभावनाएं उपलब्ध हैं। कलेक्टर श्री संजीव कुमार झा एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हरीष एस. ने नरवा कार्यक्रम के अन्तर्गत विकासखण्ड रामचन्द्रपुर में चयनित कठौतिया नाला एवं निर्माणाधीन कार्यों का अवलोकन किया। कठौतिया नाला ग्राम पंचायत विजयनगर में स्थित हैं, जहां डीपीआर तैयार करने के पश्चात् विभिन्न कार्यों का चयन किया गया है। कलेक्टर श्री संजीव कुमार झा ने नरवा संवर्धन के लिए तैयार किये जा रहे बोल्डर चेक, कंटूर ट्रेंच एवं निमार्णाधीन गेबियन का निरीक्षण कर तकनीकी सहायकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि इन कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण किया जाये।

वृहद स्तर पर देखें तो नरवा बहुत महत्वपूर्ण संसाधन है, हमें इसका संरक्षण एवं संवर्धन तथा समावेशी उपयोग करना होगा। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हरीष एस. ने जानकारी दी है कि जिले में नरवा कार्यक्रम अन्तर्गत कुल 60 नालों का चयन कर उनका डीपीआर तैयार किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि नरवा कार्यक्रम को सभी अधिकारी-कर्मचारी गंभीरता से लें तथा जनपद स्तर पर इसकी समय-समय पर समीक्षा की जाए, ताकि कार्य पूर्ण होने में अनावश्यक विलम्ब न हो। उपस्थित कर्मचारियों ने सम्पूर्ण कार्ययोजना की रूपरेखा कलेक्टर से साझा कर निर्माणाधीन कार्यों की भी जानकारी दी। कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ ने निर्माणाधीन कार्यों की बड़ी सूक्ष्मता से जानकारी ली और सभी तकनीकी पक्षों का ध्यान रखते हुए निर्माण कार्य पूर्ण करने को कहा। इस अवसर पर जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री समुद्र साय, सहायक परियोजना अधिकारी डाॅ. के.एम. पाठक, तकनीकी सहायक सहित जनपद पंचायत के अधिकारी /कर्मचारी उपस्थित थे।
Leave A Comment