बलरामपुर : अपर कलेक्टर ने धनवार चेकपोस्ट एवं धान खरीदी केन्द्र बसंतपुर का किया निरीक्षण
बलरामपुर : अपर कलेक्टर श्री विजय कुमार कुजूर द्वारा विकासखंड वाड्रफनगर के सीमावर्ती धनवार चेकपोस्ट का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। उन्होंने धनवार चेकपोस्ट पहुंच चेकपोस्ट में स्थित आबकारी, खनिज, कृषि विभाग द्वारा संधारित किये गये पंजियों का अवलोकन किया।

साथ ही चेकपोस्ट में लगाये गये अधिकारी/कर्मचारियों से चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा वाहनों के दस्तावेज, बीमा एवं वाहनों में लोड सामग्रियों की जानकारी लेने को कहा।

तत्पश्चात् उन्होंने धान खरीदी केन्द्र बसंतपुर का निरीक्षण कर उपलब्ध बारदानों के संबंध में जानकारी ली तथा बारदानों में आवश्यक रूप से स्टैंसिल लगाने को कहा। धान खरीदी केन्द्र में धान बेचने आये किसानों से चर्चा कर खरीदी केन्द्र में व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। इस दौरान अपर कलेक्टर ने कृषक श्री सोमारू के ऋण पुस्तिका का अवलोकन किया तथा अपना ऋण पुस्तिका किसी दूसरे को नहीं देने को कहा।
इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्री विशाल कुमार महाराणा, तहसीलदार श्री सुरेंद्र पैकरा, नायब तहसीलदार श्री विनीत सिंह सहित अन्य अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित थे।
Leave A Comment