ब्रेकिंग न्यूज़

महासमुंद में खरीफ फसल 2024-25 के लिए गिरदावरी सत्यापन कार्य जारी

द न्यूज़ इंडिया समाचार सेवा

महासमुंद : खरीफ फसल 2024-25 के अंतर्गत किसानों द्वारा लगाए गए धान फसल की गिरदावरी का सत्यापन कार्य जोर-शोर से चल रहा है। जिले में कलेक्टर सहित अनुविभागीय अधिकारी, तहसीलदार एवं संबंधित अधिकारियों द्वारा खेतों में जाकर गिरदावरी कार्य की पुष्टि की जा रही है ताकि किसानों को सही समय पर उचित सहायता और समर्थन उपलब्ध कराया जा सके। इस प्रक्रिया में पारदर्शिता और शुद्धता लाने के उद्देश्य से, पटवारियों द्वारा की गई गिरदावरी की सटीकता का मूल्यांकन किया जा रहा है। कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने दो दिवस के भीतर चयनित खसरा प्रविष्टियों का सत्यापन करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए है।

सरकार ने फसल गिरदावरी और सत्यापन के लिए जीपीएस आधारित मोबाइल एप्लिकेशन का उपयोग किया है। इसके पहले, संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया गया था ताकि वे इस तकनीक का सही इस्तेमाल कर सकें। इस तकनीकी प्रक्रिया का मुख्य उद्देश्य खेतों की वास्तविक स्थिति का आकलन करना है, जिससे राज्य को सटीक आंकड़े मिल सकें और कृषि नीतियों को प्रभावी ढंग से लागू किया जा सके। सत्यापन प्रक्रिया के तहत, अधिकारी खेतों का दौरा कर रहे हैं और फसल की गुणवत्ता, भूमि की स्थिति, और उत्पादन की संभावनाओं का निरीक्षण कर रहे हैं।
 
इसी क्रम में तहसीलदार बसना ममता ठाकुर द्वारा सरायपाली तहसील के ग्राम हरदासरार में भौतिक सत्यापन का कार्य संपन्न किया गया। इस कार्य में हर स्तर पर पारदर्शिता बनाए रखने के लिए ग्राम पंचायत सचिवों और पटवारियों को भी शामिल किया गया है। सभी जनपद सीईओ को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि निर्धारित समय तक यह सत्यापन कार्य पूर्ण हो जाए। इस सत्यापन कार्य से एक ओर जहां किसानों को लाभ होगा, वहीं दूसरी ओर राज्य सरकार को सटीक और वास्तविक डेटा प्राप्त होगा। 

Related Post

Leave A Comment

छत्तीसगढ़

Facebook