दुर्ग : श्रमिक सहायता केंद्रों में रखा जाएगा सत्तू और सोनपापड़ी भी - अंजोरा बार्डर से भिलाई-चरौदा तक सभी सहायता केंद्रों का निरीक्षण
श्रमिक सहायता केंद्रों में रखा जाएगा सत्तू और सोनपापड़ी भी - अंजोरा बार्डर से भिलाई-चरौदा तक सभी सहायता केंद्रों का निरीक्षण कर आईजी श्री विवेकानंद सिन्हा, कलेक्टर श्री अंकित आनंद एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री अजय यादव ने दिये निर्देश
- जिनके पास बाहर जाने की व्यवस्था नहीं, उनके लिए की जाएगी व्यवस्था, तब तक मंगल भवन में ठहरायेंगे
दुर्ग 11 मई : दूसरे राज्यों से छत्तीसगढ़ आ रहे तथा इस रास्ते अन्य राज्यों में जा रहे श्रमिकों की सहायता के लिए श्रमिक सहायता केंद्र बार्डर एवं महत्वपूर्ण स्थलों में जिला प्रशासन ने आरंभ किए हैं। इनमें दो दिनों से श्रमिकों को नाश्ता एवं आगे की यात्रा के लिए सूखा नाश्ता दिया जा रहा है। जो लोग पैदल हैं उनके लिए बस की व्यवस्था की जा रही है। आज यहां की व्यवस्था की मानिटरिंग करने आईजी श्री विवेकानंद सिन्हा, कलेक्टर श्री अंकित आनंद, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री अजय यादव एवं नगर निगम कमिश्नर श्री ऋतुराज रघुवंशी भी पहुंचे। इस मौके पर आईजी ने अधिकारियों को कहा कि जिनके पास जाने की व्यवस्था नहीं हैं उन्हें चिन्हांकित कर उनके लिए बस की सुविधा उपलब्ध करा दें। कलेक्टर ने इन्हें मंगल भवन में ठहराने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को कहा कि जिनके जाने के साधन नहीं हैं ऐसे लोगों का चिन्हांकन कर रूट बनाकर उन्हें भेज दें तथा स्वास्थ्य जांच जैसे प्रोटोकाल के साथ यह करें। अधिकारियों ने पूछा कि किन राज्यों के लोग अधिक आ रहे हैं। इस पर सहायता केंद्र में बैठे कर्मचारियों ने बताया कि सबसे ज्यादा झारखंड के लोग आ रहे हैं। चूंकि झारखंड के लोग सबसे ज्यादा सत्तू पसंद करते हैं इसलिए सबसे अच्छी चीज छत्तीसगढ़ की ओर से उन्हें सत्तू दी जाए ताकि वे पसंद से इसे खायें तथा उन्हें सफर में किसी तरह की दिक्कत न आए। इसी मौके पर कुछ झारखंड के लोग भिलाई-चरौदा में रूके।
उन्होंने बताया कि फिलहाल तो वे लिफ्ट लेकर आए हैं। आगे के लिए ट्रक देखेंगे। कलेक्टर ने कहा कि आप लोगों को जिला प्रशासन रामानुजगंज तक छोड़ देगा, आज रात आपके रूकने की व्यवस्था मंगल भवन में होगी। इन्हें सूखा नाश्ता भी दिया गया और पैकेट आइटम भी दिए गए। झारखंड के यह लोग गढ़वा के थे, उन्होंने कहा कि आप लोगों की यह स्नेह हमें हमेशा याद रहेगा। इसके बाद अधिकारी अंजोरा बार्डर पर पहुंचे। यहां भी लोगों को सूखा राशन दिया गया। बच्चों को चाकलेट और बिस्किट दिये गये। यहां इन्होंने स्वास्थ्य अमले से रैपिड टेस्ट एवं अन्य विषयों की जानकारी ली।
साथ ही अंजोरा बार्डर में अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में निगम कमिश्नर दुर्ग श्री बर्मन को आवश्यक निर्देश दिए। आईजी, एसएसपी और कलेक्टर ने यहां काम में लगे अमले को भी बधाई दी और कहा कि कोविड संक्रमण के इस दौर में आप सभी पूरी गंभीरता से अपने काम और सेवा कार्य में लगे हैं। यह बहुत अच्छी बात है। यहां कुछ सेवाभावी लोग भी मिले जो सूखा राशन देना चाहते थे। इसकी कार्ययोजना बनी और उन्होंने कहा कि वे आज देर रात से यह काम शुरू कर देंगे।
Leave A Comment