बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान अंतर्गत आत्मरक्षा का प्रशिक्षण,1050 से अधिक बालिकाएं हो रहीं सशक्त
द न्यूज़ इंडिया समाचार सेवा
बेमेतरा : परियोजना-बेरला, जिला बेमेतरा में महिला एवं बाल विकास विभाग के महिला सशक्तिकरण केंद्र (हब) द्वारा 'बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ' योजना अंतर्गत किशोरी बालिकाओं को आत्मरक्षा का विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यह एक माह का प्रशिक्षण शासकीय कन्या शाला बेरला एवं शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल कुसमी में संचालित हो रहा है, जिसमें अब तक 1050 से अधिक बालिकाएं लाभान्वित हो चुकी हैं। यह प्रशिक्षण दी वॉर काई मार्शल आर्ट्स एंड सेल्फ डिफेंस एकेडमी, बेमेतरा के अनुभवी मास्टर ट्रेनर भानु प्रताप साहू द्वारा दिया जा रहा है। प्रशिक्षण में किकबॉक्सिंग, वुशू, कराते, पंच, ब्लॉक, काता, फिजिकल फिटनेस जैसे मार्शल आर्ट्स के साथ-साथ आत्मरक्षा के व्यावहारिक गुर सिखाए जा रहे हैं। प्रशिक्षण से बालिकाओं में सेल्फ डिसिप्लिन, आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच, सामाजिक व्यवहार और मोबाइल की लत से मुक्ति जैसे गुणों का भी विकास हो रहा है। कलेक्टर श्री रणबीर शर्मा एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री चन्द्रबेश सिंह सिसोदिया के मार्गदर्शन तथा महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्री सी.पी. शर्मा के निर्देशन में यह प्रशिक्षण सत्र संचालित हो रहा है।
जिला मिशन समन्वयक श्री राजीव कुमार वर्मा ने बताया कि मास्टर ट्रेनर भानु प्रताप साहू पिछले 19 वर्षों से मार्शल आर्ट्स का प्रशिक्षण दे रहे हैं। वे 3 अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग ले चुके हैं, जिसमें से 2 स्वर्ण पदक प्राप्त किए हैं। उन्होंने 17 राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लिया है और 6 स्वर्ण, 2 रजत एवं 3 कांस्य पदक अर्जित किए हैं। राज्य स्तर पर उन्होंने 13 स्वर्ण व 1 रजत पदक सहित 16 बार सहभागिता की है। संस्था द्वारा अब तक 643 बच्चों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लिया है, जिनमें से 193 ने स्वर्ण पदक, 167 ने रजत और 143 ने कांस्य पदक अर्जित किए हैं। इससे बालिकाओं को न केवल सुरक्षा के प्रति सजग किया जा रहा है, बल्कि उन्हें सशक्त, आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी भी बनाया जा रहा है, जिससे वे हर चुनौती का सामना दृढ़ता से कर सकें।
Leave A Comment